लखनऊ: विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी आजाद समाज पार्टी (एएसपी) ने तीसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में 34 विधानसभा क्षेत्रों के नए प्रभारियों की घोषणा की गई है, जिन्हें पार्टी का आधिकारिक प्रत्याशी माना जाता है। सूची में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के नेताओं को तरजीह दी गई है। इससे पहले पार्टी 31 जुलाई को पहली और 21 सितंबर को दूसरी सूची जारी कर चुकी है।
तीसरी सूची में विनय रतन सिंह को मुजफ्फरनगर की पुरकाजी सुरक्षित सीट, कमल सिंह वालिया को सहारनपुर की रामपुर मनिहारान सुरक्षित सीट और जितेंद्र सिंह लोधी को अलीगढ़ की छर्रा विधानसभा सीट का प्रभारी बनाया गया है। आगरा साउथ से जावेद कुरैशी और आगरा नार्थ से अर्जुन दिवाकर को प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा उन्नाव की पुरवा सीट से राजू अंबेडकर और कन्नौज सुरक्षित सीट से सुनील दिवाकर को प्रभारी बनाया गया है। कानपुर देहात की बिल्हौर सुरक्षित सीट से अलका गौतम और कानपुर नगर की कल्याणपुर सीट से विष्णु कुमार सविता को सूची में जगह दी गई है।
गौरतलब है कि बसपा में विधानसभा चुनाव प्रभारियों को ही आगे प्रत्याशी बनाने की परंपरा रही है। आजाद समाज पार्टी भी उसी तर्ज पर प्रभारियों की नियुक्ति कर रही है, ताकि उन्हें इलाके में तैयारी का पर्याप्त समय मिल सके। आगे चलकर इन प्रभारियों को प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतारा जाएगा। असदुद्दीन ओवैसी के साथ गठबंधन कर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का ऐलान करने के बाद पार्टी ने यह पहली सूची जारी की है। चंद्रशेखर आजाद ने कहा है कि यह मोर्चा यूपी की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा, हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ओवैसी और आजाद समाज पार्टी कितनी-कितनी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेंगी।
