रांची। विधानसभा में एसआईआर (मतदाता सूची पुनरीक्षण) पर पेश राजकीय संकल्प पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एसआईआर एक संवैधानिक प्रक्रिया है और सत्ता पक्ष को इस पर आरोप लगाने के बजाय इसमें सहभागी बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में बीएलओ से लेकर तमाम पदाधिकारी राज्य सरकार के ही हैं और राजनीतिक दलों के बीएलए-2 भी इसमें शामिल होते हैं। मरांडी ने कहा कि यह प्रक्रिया पहली बार नहीं हो रही है और सबसे अधिक बार यह कांग्रेस के शासनकाल में अपनाई गई।
मरांडी ने राजमहल विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि घुसपैठिये और शरणार्थी के बीच अंतर समझना जरूरी है। उनके अनुसार, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और पाकिस्तान से अवैध तरीके से आने वाले लोग घुसपैठिये हैं, जबकि इन देशों में प्रताड़ना झेल रहे अल्पसंख्यक हिंदू अगर जान बचाकर भारत आते हैं तो वे शरणार्थी हैं। मरांडी ने दावा किया कि जमशेदपुर में अफगानी नागरिक मिले हैं, जबकि गढ़वा का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वर्षों से ईरानी नागरिकों के रहने की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि इन लोगों के राशन कार्ड, आधार कार्ड और वोटर कार्ड तक बने हैं, लेकिन भारतीय नागरिक होने का कोई प्रमाण सामने नहीं आया है। उन्होंने फर्जी दस्तावेज के मामले में पांच लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज होने का भी जिक्र किया, जिसमें पिता और बेटे की उम्र में महज एक साल का अंतर दिखाया गया है।
आंकड़ों का हवाला देते हुए मरांडी ने कहा कि 7 लाख 62 हजार 903 मतदाता मृत पाए गए हैं, 15 लाख 92 हजार 194 मतदाता स्थायी रूप से झारखंड से बाहर चले गए हैं और 4 लाख 38 हजार 596 मतदाताओं के नाम एक से अधिक जगह दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि करीब 14 लाख 50 हजार मतदाताओं का अता-पता नहीं है और उन्हें लगता है यही लोग घुसपैठिये होंगे। मरांडी ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा एसआईआर कराना न तो असंवैधानिक है और न ही भारतीय नागरिकों का अधिकार छिनने की कार्रवाई है, बल्कि इसका उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को स्पष्ट और पारदर्शी बनाना है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से किसी पात्र नागरिक का नाम न कटे, लेकिन यह भी सुनिश्चित हो कि किसी अपात्र या घुसपैठिए का नाम सूची में न रह जाए।
नेता प्रतिपक्ष ने एसआईआर पर पेश राजकीय संकल्प पर कैबिनेट की पूर्व स्वीकृति नहीं लेने और कैबिनेट की प्रत्याशा में इसे पेश करने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस गंभीर विषय पर सदन को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पांच नवंबर को इसकी सूचना मिलने के बावजूद अब तक मंत्रिपरिषद की बैठक नहीं हुई है और अगर सरकार इस मामले को गंभीर मानती है तो उसे गंभीरता से काम भी करना चाहिए। इस दौरान विधानसभा में विपक्षी विधायकों ने प्रदर्शन भी किया।
