इजरायल में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी उलझन बढ़ती जा रही है। मध्यमार्गी गठबंधन के नेता और मनोनीत प्रधानमंत्री गादी आइसेनकोट अब अरब पार्टियों के साथ सरकार बनाने को तैयार नहीं हैं। वह प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के नेतृत्व वाले दक्षिणपंथी गठबंधन के साथ सरकार बनाने पर सहमत दिख रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री पद खुद चाहते हैं। इस बीच मध्यमार्गी गठबंधन में शामिल वामपंथी डेमोक्रेटिक पार्टी ने आइसेनकोट से दूरी बनाते हुए उनसे बातचीत बंद करने का एलान किया है।

इजरायल में 27 अक्टूबर को संसदीय चुनाव हुए थे, जिनमें किसी भी गठबंधन को संसद नीसेट में 61 सदस्यों का बहुमत नहीं मिला। नेतन्याहू के खिलाफ चुनाव लड़े मध्यमार्गी गठबंधन और अरब पार्टियों ने मिलकर सरकार बनाने का फैसला किया था, लेकिन सहमति के कुछ ही दिनों बाद आइसेनकोट और उनके कुछ सहयोगी दल इस गठजोड़ से पीछे हट गए। इसके बाद नेतन्याहू के नेतृत्व वाले गठबंधन के साथ सरकार बनाने पर विचार शुरू हुआ, लेकिन नेतन्याहू प्रधानमंत्री की कुर्सी छोड़ने को तैयार नहीं हैं। उनकी लिकुड पार्टी रोटेशन के आधार पर आइसेनकोट को प्रधानमंत्री पद देने के लिए तैयार है।

इजरायली व्यवस्था के अनुसार राष्ट्रपति द्वारा मनोनीत प्रधानमंत्री आइसेनकोट छह दिसंबर तक सरकार गठित कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर उन्हें सरकार गठन के लिए 14 दिन का अतिरिक्त समय भी मिल सकता है। सरकार बनाने के लिए आइसेनकोट के नेतन्याहू के करीब जाने से डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता याइर गोलान ने निराशा जताई है और उनसे बातचीत बंद करने की घोषणा की है।

इजरायल की 21 प्रतिशत अरब आबादी पर प्रभाव रखने वाली डेमोक्रेटिक पार्टी ने नेतन्याहू को सत्ता से दूर करने के नारे के साथ चुनाव लड़ा था, लेकिन आइसेनकोट के बदले रुख से वह अचंभित है। आइसेनकोट की याशर पार्टी का कहना है कि दोबारा चुनाव से बचने के लिए इस समय लिकुड पार्टी और अति रूढ़िवादी पार्टी हारेदी के साथ सरकार गठन पर बातचीत चल रही है। बड़े उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए इस गठजोड़ पर वार्ता जारी है।