लखनऊ में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर एक टीवी चैनल के शिखर सम्मेलन कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के अयोध्या से घोषित उम्मीदवार पवन पांडे और भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी के बीच जोरदार बहस हो गई। पैनल चर्चा के दौरान पवन पांडे ने भाजपा सरकार पर कानून व्यवस्था और राम मंदिर में दान चोरी रोकने में विफलता का आरोप लगाया। प्रदीप भंडारी ने अखिलेश यादव सरकार के दौरान की स्थिति का जिक्र करते हुए योगी सरकार में कानून व्यवस्था बेहतर होने का दावा किया और समाजवादी पार्टी पर झूठ बोलने का आरोप लगाया।
भाजपा प्रवक्ता द्वारा बार-बार झूठ बोलने का आरोप लगाए जाने पर पवन पांडे भड़क गए। उन्होंने कहा कि झूठा मत बोलना, नहीं तो यहीं पटक कर मारूंगा। माइक हाथ में लेकर उन्होंने अपना रुख प्रदीप भंडारी की ओर कर लिया और भाजपा प्रवक्ता को दो कौड़ी का आदमी कहते हुए अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया।
प्रदीप भंडारी ने पवन पांडे के तेवरों को देखते हुए उन्हें चेताया कि ऐसा करने की हिम्मत भी मत करिएगा। उन्होंने कहा कि यूपी में योगी आदित्यनाथ की सरकार है और उल्टा लटका देंगे, जैसे माफियाओं को लटकाया है। उन्होंने कहा कि धमकी मत देना, वरना पुलिस को बुलवाकर जेल भिजवा देंगे और इस तरह की गुंडागर्दी नहीं चलेगी। इस दौरान दर्शक दीर्घा में मौजूद लोग भी नारे लगाने लगे और कार्यक्रम का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
