केंद्र सरकार ने असम के सिलचर में 2,014 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से नया एयरपोर्ट बनाने की मंजूरी दे दी है। यह हवाई अड्डा सिलचर के डोलू इलाके में बनेगा और व्यस्त समय में 800 यात्रियों को संभाल सकेगा। साल भर में यहां करीब 10.1 लाख यात्रियों के आने-जाने का अनुमान है। अभी सिलचर एयरपोर्ट वायुसेना और एयरपोर्ट अथॉरिटी के पास है, जहां से 70 एकड़ हिस्से में नागरिक उड़ानें चलती हैं। नया एयरपोर्ट बराक घाटी और आसपास के पूर्वोत्तर इलाकों को बेहतर हवाई संपर्क देगा और पर्यटन को भी बढ़ावा देगा। परियोजना का पूरा खर्च एयरपोर्ट अथॉरिटी अपने आंतरिक संसाधनों से वहन करेगी।

उधर, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे का विवाद बढ़ गया है। सपा ने पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है, जिसमें सहारनपुर की दो सीटें भी शामिल हैं। इससे कांग्रेस सांसद इमरान मसूद नाराज बताए जा रहे हैं।

मसूद ने कहा कि मायावती बहुत बड़ी नेता हैं और वे चाहते हैं कि बहन जी कांग्रेस के साथ आएं। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी मना नहीं किया और गठबंधन का फैसला मायावती को ही करना है। साथ ही उन्होंने सपा पर सवाल उठाया कि जब बातचीत चल रही है तो उम्मीदवारों की सूची क्यों जारी की जा रही है। मसूद ने कहा कि वे पार्टी नेतृत्व से चर्चा करेंगे कि सपा के साथ सीट बंटवारे की बात आगे बढ़ानी चाहिए या नहीं।