पंजाब सरकार ने गन्ना किसानों के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को गन्ने के मूल्य में ₹15 प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की घोषणा की। एक सरकारी बयान के अनुसार, 2026-27 सत्र के लिए गन्ने का नया मूल्य ₹431 प्रति क्विंटल हो गया है, जो देश में सर्वाधिक है। इससे पहले गन्ने का मूल्य ₹416 प्रति क्विंटल था।
मुख्यमंत्री ने एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि यह निर्णय किसानों के कल्याण और उनकी आर्थिक समृद्धि के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाता है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'X' पर लिखा कि पंजाब के गन्ना किसानों के लिए यह बड़ी खबर है और सरकार ने 2026-27 सत्र के लिए मूल्य बढ़ाकर ₹431 प्रति क्विंटल कर दिया है, जो पूरे देश में सबसे अधिक है।
मान ने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए राज्य की सभी चीनी मिलें 25 नवंबर से कामकाज शुरू कर देंगी। उन्होंने कहा कि किसान अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी समृद्धि पंजाब की समग्र प्रगति एवं आर्थिक खुशहाली के लिए जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि कृषि उपज का लाभकारी मूल्य दिलाना और किसानों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना पंजाब सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
