बगहा के धनहा थाना क्षेत्र के गोबरहिया गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में शनिवार को इंटरनेट मीडिया पर रील बनाने के दौरान रिवॉल्वर जैसा हथियार लहराना दो नाबालिगों को भारी पड़ गया। ग्रामीणों ने विरोध करते हुए दोनों को पकड़ लिया और धनहा थाना पुलिस के हवाले कर दिया। उनके दो अन्य साथी मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय चार युवक गोबरहिया गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में रील बनाने के लिए पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि रील बनाने के दौरान कुछ युवक हाथ में रिवॉल्वर जैसा हथियार लहराकर वीडियो बना रहे थे। स्कूल परिसर में हथियार के साथ युवकों को देख ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने विरोध किया और युवकों को पकड़ने का प्रयास किया। ग्रामीणों की तत्परता से दो नाबालिग पकड़े गए, जबकि उनके साथ मौजूद दो अन्य युवक भाग निकले।

धनहा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान उत्तर प्रदेश के पडरौना क्षेत्र के दो युवकों के नाम सामने आए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार दोनों युवकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छानबीन की जा रही है। हिरासत में लिए गए दोनों के नाबालिग होने की आशंका है। बताया जा रहा है कि इनमें से एक देवीपुर में रिश्तेदारी में आया था।

पुलिस ने हिरासत में लिए गए दोनों से पूछताछ शुरू कर दी है। बरामद हथियार की भी जांच कराई जा रही है। हथियार असली है या नहीं, इसकी जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। स्कूल परिसर जैसे सार्वजनिक स्थान पर हथियार के साथ रील बनाने की घटना से ग्रामीणों में नाराजगी है।