बागपत के बड़ौत में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद लूट के आरोपी सुरेंद्रपाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अमजद फरार हो गया। आरोपी के खिलाफ गाजियाबाद, मेरठ और बागपत समेत विभिन्न स्थानों पर पहले से 30 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, चोरी की बाइक और लूटा गया सोने का हार बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात मेरठ के शास्त्रीनगर निवासी विक्रांत गौतम अपनी पत्नी सावित्री गौतम और बेटे देवेंद्र प्रताप सिंह के साथ बड़ौत में रॉयल स्टेप विवाह मंडप में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह से लौटते समय मंडप के बाहर दो बदमाशों ने परिवार को घेरकर तमंचों की बट से हमला किया और सावित्री गौतम के गले से सोने का हार लूट लिया। शोर सुनकर पहुंचे लोगों ने एक आरोपी को पकड़ लिया था, जबकि दूसरा फरार हो गया था। घटनास्थल की दूरी सीओ कार्यालय से महज लगभग 100 मीटर बताई गई है।
रविवार रात सुरेंद्रपाल पुत्र कांति प्रसाद निवासी नंदग्राम, गाजियाबाद और उसका साथी अमजद किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से शहर में घूम रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सुरेंद्रपाल के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि अमजद अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
सीओ अंशु जैन ने बताया कि फरार आरोपी अमजद की तलाश की जा रही है। घायल बदमाश को उपचार के बाद अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ कर उसके फरार साथी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
