दरभंगा के कुशेश्वरस्थान में रबी की खेती के मौसम में किसानों को डीएपी और यूरिया सरकारी दर से काफी अधिक कीमत पर मिलने की शिकायत है। सरकार ने डीएपी की दर 1350 रुपये और यूरिया की दर 266 रुपये प्रति बोरी तय की है, लेकिन किसानों के अनुसार उन्हें डीएपी 1950 से दो हजार रुपये और यूरिया 350 से 400 रुपये प्रति बोरी में खरीदना पड़ रहा है। इस तरह डीएपी पर 650 रुपये और यूरिया पर 134 रुपये तक अधिक वसूली की जा रही है।
बड़गांव के राम प्रताप पंडित, बलहा के राणा जवाहर सिंह और छोटकी कोनिया के रामाकांत मुखिया ने बताया कि उन्हें डीएपी दो हजार रुपये और यूरिया 400 रुपये प्रति बोरी में खरीदना पड़ा। अधिक कीमत लेने पर दुकानदारों का कहना है कि थोक विक्रेता भी उन्हें महंगे दाम पर खाद उपलब्ध करा रहे हैं।
प्रखंड 20 सूत्री उपाध्यक्ष सह भाजपा मंडल अध्यक्ष घनश्याम चौधरी ने बताया कि हिरणी गांव के एक खाद विक्रेता ने उन्हें डीएपी 1900 रुपये और यूरिया 400 रुपये प्रति बोरी की दर से उपलब्ध कराया है। उन्होंने इसकी शिकायत प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनुभव राज से की है और खाद विक्रेताओं की बैठक बुलाकर सरकारी दर पर बिक्री के निर्देश देने की मांग की है।
पूर्वी बीएओ स्नेहिल कुमार वत्स एवं कुशेश्वरस्थान के बीएओ अनुभव राज ने बताया कि अभी तक किसी ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। लिखित शिकायत मिलने पर संबंधित खाद विक्रेता के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
