बागपत के बड़ौत में कक्षा 12 के एक 17 वर्षीय छात्र से सुरक्षा एजेंसियों ने इंस्टाग्राम पर पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी को फॉलो करने के मामले में लगातार दो दिन पूछताछ की। स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) को मिले इनपुट के आधार पर छात्र की गतिविधियां जांच के दायरे में आई थीं। एटीएस मेरठ समेत कई एजेंसियों ने उसका मोबाइल फोन कब्जे में लेकर डिजिटल गतिविधियों, सर्च हिस्ट्री और इंटरनेट मीडिया अकाउंट की पड़ताल की।
पुलिस के अनुसार जांच में छात्र की किसी संदिग्ध गतिविधि या आतंकी नेटवर्क से संपर्क की पुष्टि नहीं हुई है। छात्र को गिरफ्तार नहीं किया गया है और फिलहाल उसे छोड़ दिया गया है। एहतियात के तौर पर स्थानीय अभिसूचना इकाई में उसका निगरानी कार्ड प्रचलित किया गया है, ताकि उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
एएसपी प्रवीण चौहान ने बताया कि संबंधित की पहचान कर उससे पूछताछ और जांच की गई है। फिलहाल उसकी किसी अवांछनीय गतिविधि में संलिप्तता नहीं मिली है। मामला सामने आने के बाद शुक्रवार को शहर में आतंकी पकड़े जाने की चर्चा और इंटरनेट मीडिया पर अफवाहें उड़ीं, जिन्हें पुलिस ने स्पष्ट रूप से खारिज किया कि यह किसी आतंकी की गिरफ्तारी का मामला नहीं है।
एक नाबालिग छात्र के इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर पाकिस्तानी आतंकी की मौजूदगी और उसके बाद सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता ने डिजिटल गतिविधियों की निगरानी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
