लखीमपुर से शादी समारोह से लौट रहा एक परिवार बहराइच में सड़क हादसे का शिकार हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर देहात कोतवाली क्षेत्र के कल्ला भट्ठा गांव के पास तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया स्थित ठकुराई टोला, वार्ड नंबर चार सुहारी निवासी 40 वर्षीय अखिलेश कुमार अविनाश और उनकी मां 60 वर्षीय पूनम देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में अखिलेश की सात वर्षीय बेटी निष्ठा और 14 वर्षीय पुत्र दिव्यांश गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल बच्चों का इलाज जिला मेमोरियल अस्पताल में चल रहा है।
बताया जाता है कि अखिलेश कुमार अपनी मां पूनम, बेटे दिव्यांश, बेटी निष्ठा और पत्नी के साथ लखीमपुर स्थित ससुराल में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शनिवार सुबह पूरा परिवार कार से वापस घर लौट रहा था। उनकी पत्नी अपने मायके से नोएडा चली गई थीं। सुबह लगभग साढ़े नौ बजे उनकी कार बहराइच मार्ग स्थित कल्ला भट्ठा गांव के पास पहुंची, जहां अज्ञात कारणों से कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। दुर्घटना होते ही मौके पर चीख-पुकर मच गई। आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने गंभीर रूप से घायल दिव्यांश और निष्ठा को जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया। घायल बच्ची निष्ठा ने बताया कि वह अपनी मौसी की शादी में शामिल होने के लिए नानी के घर गई थी। शादी 26 नवंबर को थी। शनिवार सुबह लगभग चार बजे वह अपने भाई, पिता और दादी के साथ नानी के घर से निकली थी। इसके बाद क्या हुआ, उसे कुछ भी याद नहीं है। देहात कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक गिरिजेश तिवारी ने बताया कि मृतकों के स्वजन को सूचना दे दी गई है। मृतक अखिलेश की पत्नी नोएडा से आ रही हैं और विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के समय दिव्यांश और निष्ठा गहरी नींद में सो रहे थे। आंख खुली तो दोनों ने अपने को अस्पताल में पाया। पिता और दादी की मौत से दोनों बच्चे सदमे में हैं। जिला मेमोरियल अस्पताल में भर्ती दोनों बच्चे अब अपनी मां के आने की राह देख रहे हैं। निष्ठा अस्पताल कर्मियों से पूछ रही है कि उसके पापा और दादी कहां हैं। दिव्यांश के दोनों पैर की हड्डी टूट गई है और सिर में भी गंभीर चोट आई है।
