बल्लभगढ़ नगर निगम शहर के बड़े कूड़ा खत्तों को हटाकर उन स्थानों पर पौधारोपण के जरिए ग्रीन बेल्ट विकसित करने की योजना पर काम कर रहा है। देश के 10 सबसे प्रदूषित शहरों में बल्लभगढ़ के शामिल होने के बाद नगर निगम ने यह पहल शुरू की है। योजना के तहत खत्तों को समाप्त कर सीएसआर के तहत मिट्टी का भरत कराया जा रहा है, जिसमें औद्योगिक संगठनों का सहयोग लिया जाएगा।

नगर निगम जोन बल्लभगढ़ के संयुक्त आयुक्त करण सिंह भगोरिया के अनुसार, दो बड़े खत्तों को समाप्त कर ग्रीन बेल्ट विकसित करने की योजना तैयार की गई है। तिगांव रोड पर अग्रवाल कॉलेज के गेट के सामने बने बड़े खत्ते से कूड़ा-कचरा पूरी तरह साफ करा दिया गया है। अब वहां सीएसआर के तहत मिट्टी का भरत करके जमीन समतल की जा रही है और जल्द ही हजारों पौधे लगाए जाएंगे। यह भूमि एक एकड़ से अधिक है। वहां अब कोई कचरा नहीं डालेगा।

इसी तरह अनाज मंडी के सामने पड़े बड़े खत्ते को भी खत्म कर वहां ग्रीन बेल्ट बनाने की योजना है, जहां हजारों पौधे लगाए जाएंगे। शहर में चारों ओर धूल उड़ने और पेड़-पौधे कम होने से प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। नगर निगम प्रदूषण नियंत्रण के लिए पूरे दिन एंटी स्मॉग गन से सड़कों पर पानी का छिड़काव करता रहता है, लेकिन इसका असर दिखाई नहीं दे रहा है।