झारखंड के लोहरदगा में भगवान बिरसा मुंडा जयंती और राष्ट्रीय सरना धर्म महासम्मेलन के मंच से आईआरएस अधिकारी निशा उरांव ने निशा भगत मौत मामले को उठाया। उन्होंने कहा कि निशा भगत को मानसिक प्रताड़ना देकर उनकी हत्या की गई। उन्होंने सवाल किया कि आदिवासी समाज की पहचान और अधिकारों की रक्षा के लिए और कितने भाई-बहनों को बलिदान देना पड़ेगा। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या निशा भगत की आवाज हमेशा के लिए बंद कर दी गई, या उनकी मौत के बाद अब सैकड़ों निशा भगत हर गांव से अपने अधिकार की मांग करेंगी। निशा उरांव भारतीय राजस्व सेवा की वरिष्ठ अधिकारी हैं और आदिवासी समाज, सरना धर्म तथा सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखने के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने अपने संबोधन का वीडियो क्लिप सोशल मीडिया एक्स पर भी साझा किया है।
निशा भगत की मौत का मामला झारखंड के आदिवासी समाज और सामाजिक संगठनों के बीच न्याय की मांग को लेकर चर्चा में है। आईआरएस अधिकारी निशा उरांव समेत विभिन्न वर्गों द्वारा यह गंभीर आरोप लगाया जा रहा है कि उनकी मृत्यु सामान्य नहीं थी, बल्कि उन्हें लगातार मानसिक प्रताड़ना दी गई, जिसके परिणामस्वरूप उनकी जान गई। सामाजिक कार्यकर्ताओं का मानना है कि अपनी पहचान और अधिकारों के लिए आवाज उठाने के कारण उन्हें प्रताड़ित किया गया। इस मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग विभिन्न मंचों से लगातार उठ रही है।
6 नवंबर को निशा भगत ने पिठोरिया स्थित अपने आवास पर फेसबुक लाइव के दौरान कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थीं। 7 नवंबर को अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और अन्य अज्ञात के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की एफआईआर दर्ज की गई। केंद्रीय जांच ब्यूरो ने 14 नवंबर को नई दिल्ली स्थित विशेष अपराध शाखा-1 में केस दोबारा दर्ज किया।
रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र के डहू टोली में आदिवासी नेत्री निशा भगत की आत्महत्या के मामले की जांच अब सीबीआई के हवाले हैं। सीबीआई की टीम रांची में कैंप कर पूरे घटनाक्रम की बारीकी से छानबीन कर रही है और घटनास्थल पर सीन री-क्रीएट कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले जब निशा भगत फेसबुक लाइव पर थीं, तब वो कमरे में पूरी तरह अकेली थीं और पंखे से फंदा लगाते वक्त भी उनका मोबाइल लाइव मोड में था।
