जयपुर: राजधानी के सोडाला से गुर्जर की थड़ी तक न्यू सांगानेर रोड को 100 फीट चौड़ा करने की कवायद फिर तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) बुधवार को इस मुहिम के दूसरे चरण की कार्रवाई शुरू कर सकता है। संभावित कार्रवाई के तहत सुबह 8 बजे से 800 मीटर के इलाके में बीच सड़क सीमा में आ रहे 80 से अधिक निर्माणों को हटाया जा सकता है।
इस कार्रवाई के पीछे राजस्थान हाईकोर्ट का सख्त रुख माना जा रहा है। न्यू सांगानेर रोड चौड़ीकरण मामले में 16 सितंबर को सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने अतिक्रमण हटाने के लिए दो सप्ताह की मोहलत दी थी। कोर्ट ने चेतावनी दी थी कि तय समय में अतिक्रमण नहीं हटने पर जेडीए आयुक्त, जेडीए सचिव और नगर निगम आयुक्त को अगली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में पेश होना पड़ेगा। इसी कानूनी दबाव के चलते जेडीए प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
मास्टर प्लान के तहत गुर्जर की थड़ी से सोडाला तक कुल 2.4 किलोमीटर लंबी इस सड़क को 100 फीट चौड़ा किया जाना है। इससे पहले 5 अक्टूबर को पहले चरण के अभियान में गुर्जर की थड़ी से विवेक विहार तक करीब 600 मीटर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 50 दुकानों को ध्वस्त किया गया था। अब दूसरे चरण में करीब 700 मीटर के दायरे को अतिक्रमण मुक्त करने की योजना है, जिसके बाद तीसरे चरण का खाका तैयार किया जाएगा।
मामले को लेकर जेडीए डीआईजी आनंद शर्मा का कहना है कि मास्टर प्लान में यह सड़क 100 फीट चौड़ी दर्ज है और हाईकोर्ट के निर्देशों की पालना में ही यह कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए पांच टीमें बनाई गई हैं और निर्धारित सड़क सीमा में आने वाले शेष निर्माणों को हटाया जाएगा।
