राजस्थान के भरतपुर जिले में आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर भवनपुरा गांव के पास एक बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। बस में ब्रिटेन के 16 पर्यटक सवार थे। हादसे में आठ लोग घायल हुए हैं।
सेवर थाना प्रभारी शैलेन्द्र कुमार के अनुसार, बस अलवर के सरिस्का से पर्यटकों को लेकर आगरा जा रही थी और पर्यटकों को भरतपुर के एक होटल में ठहरना था। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे भवनपुरा गांव के पास बस का हैंडल लॉक हो गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और राजमार्ग पर वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलते ही सेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और राहगीरों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी का उपचार किया गया।
