प्रतापगढ़ के इरादतगंज स्थित सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ने वाले नौ वर्षीय छात्र यजदान की मंगलवार सुबह ट्रेन से कटकर मौत हो गई। छात्र तीसरी कक्षा में पढ़ता था और चकघनश्यामदास (नई बाजार) निवासी ईंट-भट्ठा संचालक मुस्तकीम का बेटा था। स्कूल सुबह साढ़े आठ बजे से दोपहर दो बजे तक चलता है।

मुस्तकीम का आरोप है कि मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह बेटे को स्कूल के भीतर छोड़कर लौट रहे थे। चौराहे पर पहुंचे तो शोर सुना और पता चला कि यजदान ट्रेन की चपेट में आकर मर गया है। उनका आरोप है कि बेटा निर्धारित समय से थोड़ी देर से पहुंचा था, जिस पर प्रबंधक और प्रधानाचार्य के कहने पर शिक्षकों ने उसे मारपीट कर डराया, धमकाया और अपमानित किया, जिसके कारण उसने जान दे दी।

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अभिभावकों के साथ स्कूल पहुंचे और प्रबंधन व शिक्षकों पर छात्र की पिटाई और अपमान करने का आरोप लगाते हुए तोड़फोड़ की तथा शिक्षकों और कर्मचारियों से मारपीट की। पुलिस ने किसी तरह स्थिति संभाली।

डीसीपी यमुनानगर मनीष शांडिल्य के अनुसार छात्र समय पर स्कूल नहीं पहुंचा था, जिस कारण शिक्षकों ने उसे वापस कर दिया। छात्र अकेले ही घर लौट रहा था और वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। मुस्तकीम की तहरीर पर प्रबंधक जेके अग्रवाल, प्रधानाचार्य आशीष रंजन समेत कई अध्यापकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और प्रधानाचार्य को हिरासत में लिया गया है।