बलरामपुर के अकसी बड़हरा गांव के पास बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दो बाइकों को टक्कर मार दी, जिसमें पांच लोगों की मौत की खबर सामने आई है। पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे हैं, और मृतकों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

मिल रही जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात उतरौला-बलरामपुर रोड पर अकसी बड़हरा गांव के पास यह हादसा हुआ। दो बाइक पर सात लोग सवार होकर जा रहे थे, तभी किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।

बताया जा रहा है कि पहले तीन मृतकों की जानकारी सामने आई थी, जबकि अस्पताल पहुंचने तक दो अन्य घायलों के दम तोड़ने की बात कही जा रही है। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत का दावा किया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से घटना और मृतकों की संख्या को लेकर विस्तृत जानकारी और पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

अस्पताल में भर्ती कराए गए घायलों के बारे में डॉ. नदीम ने बताया कि इस घटना में पांच लोगों की मौत हुई है और दो घायल लाए गए हैं। अस्पताल पहुंचे मृतक-घायलों में से तीन अज्ञात हैं, जबकि अन्य के परिजन अस्पताल में मौजूद हैं। दो घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया, जिसके बाद एक घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि दूसरा घायल परिजनों की इच्छा से उनके साथ गया है।