पटना: बिहार के चर्चित टेंडर घोटाले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर से करीब छह घंटे तक पूछताछ की। तीसरे समन पर बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे वे पटना स्थित ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय में अपना पक्ष रखने पहुंचे थे। इससे पहले अक्टूबर के अंतिम सप्ताह और नवंबर के दूसरे सप्ताह में जारी नोटिस पर वे निजी कारणों से उपस्थित नहीं हो सके थे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पूछताछ में ईडी ने ठेकेदार रिशु श्री से उनके कथित संबंधों और नमामि गंगे के ठेकों में अनियमितता को लेकर सवाल दागे, जिनमें से कई सवालों को उन्होंने टाल दिया। रिपोर्ट के अनुसार एजेंसी ने रिशु श्री और अन्य आरोपियों के बयान तथा बरामद डिजिटल दस्तावेजों के आधार पर पूछताछ की। ईडी ने यह भी पूछा कि नगर विकास एवं आवास विभाग और बुडको में तैनाती के दौरान चुनिंदा परियोजनाओं के ठेके किस प्रक्रिया से निकाले गए और क्या रिशु श्री से जुड़ी कंपनियों को जानबूझकर लाभ पहुंचाया गया। रिपोर्ट के मुताबिक आनंद किशोर ने नियमों के तहत ठेके आवंटित किए जाने की बात कही। वाट्सऐप चैट में रिशु श्री द्वारा उन्हें 'भैया' कहे जाने पर भी एजेंसी ने संपर्कों के बारे में जानकारी ली।
ईडी के हलफनामे में पूर्व नगर आयुक्त मुमुक्षु चौधरी ने आरोप लगाया था कि सीतामढ़ी नगर निगम का अतिरिक्त प्रभार दिलाने के लिए रिशु श्री ने कथित तौर पर उच्च स्तर पर 25 लाख रुपये पहुंचाए थे। डिजिटल चैट में इस संबंध में तत्कालीन डीएम से सिफारिश किए जाने का भी जिक्र सामने आया है। हालांकि बताया जा रहा है कि ईडी की पूछताछ के दौरान आनंद किशोर ने इन आरोपों से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कई अन्य सवालों के बारे में जानकारी नहीं होने का हवाला देते हुए टाल दिया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पूछे गए सवालों में ज्यादातर रिशु श्री से जुड़े संबंधों को लेकर थे, जैसे पहली मुलाकात कब और किन परिस्थितियों में हुई, किसी सरकारी अधिकारी की पोस्टिंग या अतिरिक्त प्रभार दिलवाने के लिए संपर्क हुआ था या नहीं, और क्या किसी खास कंपनी को फायदा पहुंचाने के लिए टेंडर की शर्तों या तकनीकी प्रक्रिया में बदलाव किया गया। जांच एजेंसी मुख्य रूप से डिजिटल साक्ष्यों, वाट्सऐप चैट और सह-आरोपियों के बयानों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विभागीय पद पर रहते हुए टेंडर प्रक्रियाओं में किसी तरह की अनियमितता बरती गई या नहीं। बताया जा रहा है कि छह घंटे चली इस पूछताछ में आनंद किशोर ने कुछ प्रश्नों के उत्तर दिए, जबकि कई संवेदनशील बिंदुओं पर अनभिज्ञता जताते हुए जवाब देने से बचते नजर आए।
