फतेहपुर जिले में 23 साल पुराने एक प्रधान हत्याकांड में अदालत ने 3 सगे भाइयों समेत 5 आरोपियों को उम्र कैद की सजा सुनाई है। अपर सत्र न्यायालय कोर्ट नंबर-4 की जज चेतना चौहान ने बुधवार को फैसला सुनाया। कोर्ट ने सभी दोषियों पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। सभी आरोपियों को पुलिस कस्टडी में जेल भेजा गया है।

एडीजीसी रवि दत्त द्विवेदी के अनुसार, सभाजीत सिंह जाफरगंज थाना क्षेत्र के अरगल गांव के तत्कालीन प्रधान थे। इसी ग्राम पंचायत के मजरा अदिहा खेड़ा गांव के सगे भाई राकेश, राजेश एवं रमेश उनसे प्रधानी की रंजिश रखते थे। सभाजीत ने इसी थाना क्षेत्र के रामपुर गांव की एक विधवा महिला राजकुमारी का खेत बटाई पर लिया था, जिसमें गेहूं की फसल लगी थी।

9 मई 2003 की सुबह सभाजीत अपने पिता शिव गोपाल सिंह और छोटे भाई राजकुमार के साथ गेहूं कटाई के बाद थ्रेसर से मड़वाकर ट्रैक्टर में डलवा रहे थे। इसी दौरान तीनों सगे भाई मनफूल और हीरालाल के साथ अवैध हथियार और लाठी-डंडों से लैस होकर खेत में पहुंचे और सभाजीत से मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों की फायरिंग में शिव गोपाल को गोली लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रधान और उनका छोटा भाई राजकुमार बाल-बाल बच गए। आरोपी मौके से भाग निकले।

घटना की तहरीर पर जाफरगंज थाने में हत्या सहित अन्य सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया गया और जांच के बाद चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की गई। मामला करीब 23 वर्ष से कोर्ट में चल रहा था। अभियोजन पक्ष ने कोर्ट में जिरह और दलीलों के साथ 7 गवाह पेश किए। कोर्ट ने साक्ष्यों और सबूतों के आधार पर पांचों आरोपियों को प्रधान हत्याकांड का दोषी ठहराते हुए उम्र कैद और जुर्माने की सजा सुनाई।