सोनपुर मेले में जम्मू-कश्मीर की पारंपरिक हस्तकला और संस्कृति की झलक देखने को मिल रही है। नखास क्षेत्र से दक्षिण की ओर द्रौलिए सिंदूर चौक के बीच सजी कश्मीर हैंडलूम एवं हैंडीक्राफ्ट की दुकानें मेले में आने वाले लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं। यहां पश्मीना शॉल, कश्मीरी स्वेटर, कंबल, पारंपरिक ड्रेस और साड़ियों की विस्तृत रेंज उपलब्ध है, जिनकी भारी मांग है।
जम्मू एंड कश्मीर लेबर को-ऑपरेटिव सोसाइटी के तत्वावधान में लगाई गई इस दुकान के संचालक श्रीनगर निवासी नवाज मीर के अनुसार इस बार वे मेले में कई नए उत्पाद लेकर आए हैं। उनके स्टॉल पर 800 रुपये से लेकर 70 हजार रुपये तक के शॉल उपलब्ध हैं, जबकि कश्मीरी साड़ियों की कीमत 2 हजार से 30 हजार रुपये तक है। पश्मीना कश्मीरी कंबल 15 हजार से 27 हजार रुपये की रेंज में उपलब्ध हैं। इसके अलावा कश्मीरी परिधान और गर्म कपड़ों की भी कई आकर्षक किस्में रखी गई हैं।
नवाज मीर बताते हैं कि सोनपुर मेले से उनके परिवार का रिश्ता करीब छह दशक पुराना है। वर्ष 1968 से उनके दादा मोहम्मद मकबूल मीर यहां दुकान लगाने आते थे। इसके बाद उनके पिता मोहम्मद यूसुफ मीर ने इस परंपरा को आगे बढ़ाया और अब वे स्वयं तीसरी पीढ़ी के रूप में मेले में अपनी दुकान सजा रहे हैं। उनके लिए यह मेला केवल कारोबार का स्थान नहीं, बल्कि परिवार की पुरानी यादों और रिश्तों से जुड़ा एक खास पड़ाव भी है।
उन्होंने बताया कि साल के करीब 9 महीने उनका परिवार बिहार के हरिहर क्षेत्र सोनपुर, मध्य प्रदेश के ग्वालियर और उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ समेत देश के विभिन्न शहरों में आयोजित होने वाले मेलों में दुकान लगाता है। नवाज मीर कहते हैं कि सोनपुर के लोग उन्हें बेहद अच्छे लगते हैं और यहां के लोगों का अपनापन तथा ग्राहकों का प्यार उन्हें हर साल दोबारा मेले में आने के लिए प्रेरित करता है।
