बिजनौर के थाना क्षेत्र स्थित गांव महदूद नशो में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद फायरिंग और पथराव हुआ, जिसमें एक युवक के पैर में गोली लग गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों को नामजद करते हुए 21 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। फायरिंग का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
शुगर मिल चौकी के गांव महदूद नशो निवासी इंतजार अहमद बीते सोमवार को अपने परिवार के साथ हीमपुरदीपा क्षेत्र के गांव गांगू नंगला में एक शादी समारोह में गया था। बताया जाता है कि गांव के अन्य लोग भी शादी में गए थे। इस दौरान गांव के ही कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो गई। तब मामला शांत करा दिया गया और दोनों पक्ष गांव लौट आए।
मंगलवार देर शाम इंतजार पक्ष घर पर था, तभी दूसरे पक्ष के नवेद व कासिम समेत अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर पथराव शुरू हो गया। आरोप है कि एक युवक ने तमंचे से हवाई फायरिंग की, जिसमें इंतजार पक्ष के फैजान के पैर में गोली लग गई। इससे मौके पर भगदड़ मच गई। पथराव और मारपीट में पांच से अधिक लोग घायल हो गए। फैजान समेत घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जबकि फैजान को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कोतवाल सुधीर पवार ने बताया कि मामले में एसआई सागर चौधरी की ओर से एक पक्ष से कासिम, नवेद, मुशीर, नदीम और नसीम तथा दूसरे पक्ष से फैजान, अलताब, अमन, इकरार व नवेद को नामजद करते हुए 11 अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
