बांग्लादेश में हिंसा और आगजनी की बढ़ती घटनाओं के बीच प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने गुरुवार को अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी पार्टी अवामी लीग पर निशाना साधा। लालमोनिरहाट की एक रैली में उन्होंने भारत का नाम लिए बिना सीमा पार पनाह लिए लोगों पर साजिश रचने का आरोप लगाया। रहमान ने कहा कि अवामी लीग के नेता जनता के हितों के खिलाफ काम कर रहे हैं और वहां बैठे अपने आकाओं को खुश करने के लिए देश के खिलाफ षड्यंत्र रच रहे हैं।
संसद में बुधवार को भी रहमान ने कहा था कि प्रतिबंधित अवामी लीग के कार्यकर्ता फिर आतंक फैला रहे हैं। हसीना की दिसंबर में संभावित वापसी की चर्चाओं के बीच देश में तनाव गहराया है। उन्होंने 2024 के ‘जुलाई विद्रोह’ की भावना याद दिलाते हुए लोकतांत्रिक ताकतों से एकजुट होने का आह्वान किया।
रहमान ने कहा कि लोग अब आगजनी, जबरन गुमशुदगी और हत्याओं की राजनीति से तंग आ चुके हैं। उन्होंने बीएनपी सांसदों को तुरंत अपने क्षेत्रों में लौटने, सड़कों पर मौजूद रहने और जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर हिंसा का सामना करने का निर्देश दिया।
