बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान 'वरायटी' की 100 ग्रेटेस्ट मूवी स्टार्स ऑफ ऑल टाइम की लिस्ट में शामिल होने वाले अकेले भारतीय कलाकार हैं। इस लिस्ट में उन्हें 92वां स्थान मिला है। लिस्ट में किसी भी भाषा या पीढ़ी का कोई दूसरा भारतीय अभिनेता जगह नहीं बना सका है।

शाहरुख ने इस लिस्ट में जोकिन फीनिक्स, एमा स्टोन, फिलिप सीमोर हॉफमैन, एडी मर्फी, एलेन डेलन, जेंडाया, सिल्वेस्टर स्टेलोन और हेनरी फोंडा जैसे कई हॉलीवुड सितारों को पीछे छोड़ा है। रिपोर्ट के मुताबिक वह एमा स्टोन और जेंडाया से आगे हैं, जबकि टिमोथी चालमेट और रॉबर्ट पैटिनसन के बराबर हैं। इस लिस्ट में मर्लिन मुनरो पहले नंबर पर हैं। टॉप टेन में हम्फ्री बोगार्ट दूसरे, चार्ली चैपलिन तीसरे, जैक निकोलसन चौथे, कैथरीन हेपबर्न पांचवें, सिडनी पोइटियर छठे, मार्लन ब्रैंडो सातवें, टॉम क्रूज आठवें, तोशिरो मिफ्यून नौवें और बारबरा स्ट्रीसैंड दसवें स्थान पर हैं।

वरायटी के अनुसार, साठ वर्षीय शाहरुख खान ने चार दशकों में 90 से अधिक फिल्मों के जरिए भारतीय दर्शकों को बांधे रखा है और दुनिया की सबसे अस्थिर फिल्म इंडस्ट्री में से एक में अपनी मजबूत पकड़ दिखाई है। उन्होंने 1980 के दशक के अंत में टेलीविजन शो से अभिनय की शुरुआत की थी और फिल्म 'दीवाना' में लीड हीरो बनकर बड़े पर्दे पर पहचान बनाई। करीब 30 साल के करियर में उन्होंने खुद को दुनिया के सबसे कमर्शियली सफल फिल्म स्टार्स में से एक के रूप में स्थापित किया और 'किंग खान' तथा 'बॉलीवुड के बादशाह' जैसे खिताब पाए।

फिलहाल शाहरुख अपनी अपकमिंग फिल्म 'किंग' को लेकर चर्चा में हैं। सिद्धार्थ आनंद द्वारा निर्देशित यह फिल्म 24 दिसंबर को रिलीज होगी, जिसमें उनके साथ सुहाना खान भी नजर आएंगी। उनके नाम कई रिकॉर्ड दर्ज हैं, जिनमें 2006 से 2015 तक लगातार 12 हिट फिल्में शामिल हैं। 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' मुंबई के मराठा मंदिर सिनेमाघर में 19 साल से ज्यादा समय तक चली थी। एक रिपोर्ट के मुताबिक 1995 में उनकी फिल्मों के 10 करोड़ से ज्यादा टिकट बिके थे। 2025 की हुरुन इंडिया रिच लिस्ट के अनुसार उनकी नेट वर्थ लगभग 12,490 करोड़ रुपये है। उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है, जहां 10 जून 2023 को मन्नत के बाहर खड़े उनके 300 फैंस ने उनका सिग्नेचर पोज दोहराया था।