जम्मू-कश्मीर में अंगदान के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि दर्ज हुई है। उत्तरी कमान के कमांड अस्पताल, उधमपुर में पहली बार ब्रेन डेड घोषित व्यक्ति के अंग सफलतापूर्वक प्राप्त कर प्रत्यारोपण के लिए दिल्ली भेजे गए। इससे तीन गंभीर मरीजों को नया जीवन मिलने की उम्मीद है।
जम्मू स्थित रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार, रियासी जिले के पौनी निवासी 56 वर्षीय जगदेव सिंह को ब्रेन हेमरेज के बाद कमांड अस्पताल उधमपुर में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत उन्हें ब्रेन डेड घोषित किया। इसके बाद परिजनों ने अंगदान की सहमति दी।
सहमति मिलने के बाद कमांड अस्पताल उधमपुर और आर्मी अस्पताल (रिसर्च एंड रेफरल), नई दिल्ली की विशेषज्ञ टीमों ने उनका लिवर और दोनों किडनियां सफलतापूर्वक प्राप्त कीं। इन अंगों को दिल्ली ले जाकर तीन जरूरतमंद मरीजों में प्रत्यारोपित करने की व्यवस्था की गई। अंगों को निर्धारित समय में सुरक्षित पहुंचाने के लिए विशेष ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया।
खराब मौसम के कारण अंगों को प्राप्त करने के लिए सेना के विमान से पहुंची चिकित्सा टीम को उधमपुर के बजाय जम्मू एयरफोर्स स्टेशन पर उतरना पड़ा। इसके बाद नागरिक प्रशासन, सैन्य पुलिस और संबंधित एजेंसियों के समन्वय से जम्मू से कमांड अस्पताल तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। अंगों को 39 विंग एयरफोर्स स्टेशन तक पहुंचाने की भी विशेष व्यवस्था की गई और भारतीय वायुसेना ने उन्हें दिल्ली पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इस प्रक्रिया में राज्य अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (सोटो), जम्मू-कश्मीर ने भी सहयोग दिया और उसके नोडल अधिकारी पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे।
गौरतलब है कि कमांड अस्पताल को वर्ष 2023 में अंग प्राप्त करने की आधिकारिक अनुमति मिली थी। इस सफल प्रक्रिया के साथ अस्पताल जम्मू-कश्मीर में मृतक दाता से अंग प्राप्त करने वाला पहला केंद्र बन गया है।
