बेतिया में सेनको ज्वेलरी शॉप में करोड़ों रुपये के गहनों की लूट के बाद पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों में ज्वेलरी शोरूम समेत महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया है। गुरुवार को डीजीपी प्रीता वर्मा और डीजी विशेष शाखा एवं एसटीएफ कुंदन कृष्णन ने सभी क्षेत्रीय आइजी-डीआइजी, एसएसपी और एसपी के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। सभी जिलों के एसपी को थानास्तर पर शोरूम संचालकों से संवाद स्थापित कर बेहतर समन्वय बनाने को कहा गया है। ठंड के मौसम में चोरी और डकैती की घटनाएं बढ़ने की आशंका को देखते हुए दिन के साथ रात में भी विशेष गश्ती और चौकसी के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस मुख्यालय ने ज्वेलरी शॉप, बैंकिंग प्रतिष्ठानों और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों की सुरक्षा को लेकर विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) दोबारा जारी की है। इसमें प्रतिष्ठान संचालकों, पुलिस-प्रशासन और निजी सुरक्षाकर्मियों के लिए अलग-अलग दिशा-निर्देश दिए गए हैं। सभी जिलों को थानास्तर पर चोरी, लूट और डकैती की घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील हॉटस्पॉट चिह्नित करने तथा महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के आसपास के संवेदनशील इलाकों और आवागमन के रास्तों की मैपिंग करने को कहा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर इन स्थानों पर पुलिस चेकिंग की जा सके।
प्रतिष्ठान संचालकों को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की सलाह दी गई है, जिसके तहत कम से कम दो हथियारबंद सुरक्षाकर्मियों की नियुक्ति, डबल डोर सुरक्षा व्यवस्था और अलार्म सिस्टम लगाने को कहा गया है। शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने और उनकी नियमित निगरानी करने का भी निर्देश दिया गया है। पुलिस का उद्देश्य किसी भी आपराधिक घटना की आशंका को देखते हुए पहले से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना है।
बेतिया लूट की जांच में बिहार एसटीएफ भी जुट गई है और पुलिस मुख्यालय के स्तर से मामले की लगातार समीक्षा की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब तक की जांच में लूटकांड की साजिश जेल से रचे जाने की जानकारी सामने आई है। इस वारदात में समस्तीपुर-हाजीपुर के गिरोह के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने लूटकांड में शामिल चार से पांच लोगों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही हैं।
