बाराबंकी के रामसनेहीघाट क्षेत्र में एक परिवार को न्यायालय के आदेश पर करीब 30 साल पुराना मकान खाली करना पड़ा, जिसके बाद उसका सामान सड़क किनारे रखा है और परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। रामसनेहीघाट के लालपुर निवासी लल्लन ने करीब 30 वर्ष पहले गनई का पुरवा में एक रिश्तेदार से एक बिस्वा जमीन खरीदी थी। बैनामा कराने के बजाय स्टांप पर लिखापढ़ी हुई थी। इसके बाद उन्होंने वहां कच्चा मकान बनाकर परिवार के साथ रहना शुरू किया।
लल्लन के अनुसार करीब आठ साल बाद जमीन बेचने वाले रिश्तेदार ने मकान खाली कराने के लिए न्यायालय में वाद दायर किया। करीब 22 साल तक चले मुकदमे के बाद न्यायालय ने मकान खाली करने का आदेश दिया। इसके अनुपालन में एक दिन पहले मकान खाली कराया गया, जिसके बाद परिवार का गृहस्थी का सामान सड़क किनारे आ गया। लल्लन ने जमीन में गड़े जेवरात निकाले जाने का आरोप भी लगाया है।
लल्लन और उनकी पत्नी जाहिदा ने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर मदद की गुहार लगाई है। तहसीलदार विपुल सिंह ने बताया कि लेखपाल को मौके पर भेजा गया है। परिवार के पास रहने की दूसरी व्यवस्था नहीं होने पर मदद कराई जाएगी।
