मुंबई बम ब्लास्ट की जांच कर चुके दिल्ली पुलिस के पूर्व कमिश्नर और रिटायर्ड IPS अधिकारी नीरज कुमार ने दाऊद इब्राहिम को लेकर कई दावे किए हैं। पूर्व सांसद और वरिष्ठ पत्रकार शाहिद सिद्दीकी के शो 'आई विटनेस विद शाहिद' में उन्होंने बताया कि दाऊद सरेंडर करना चाहता था, लेकिन उसने इसके लिए कई शर्तें रखीं। नीरज कुमार के मुताबिक, उनकी दाऊद से कई बार फोन पर बात हुई थी।
नीरज कुमार ने बताया कि मुंबई बम ब्लास्ट मामले की जांच के दौरान कई चौंकाने वाली बातें सामने आईं। उन्होंने दाऊद के करीबी माने जाने वाले मनीष लाला से हुई बातचीत का जिक्र किया। उनके अनुसार, मनीष लाला के ठिकानों पर छापे के दौरान उन्होंने सिंगापुर से फोन किया और पूछा कि उनके पीछे क्यों पड़े हैं। नीरज कुमार ने कहा कि उन्होंने मनीष से पहले मुंबई आने को कहा। इसके बाद मनीष लाला मुंबई आए और मुंबई पुलिस से जुड़े एक मामले में खुद को सरेंडर कर दिया।
नीरज कुमार आर्थर रोड जेल में मनीष लाला से मिलने गए, जहां उस समय मुंबई बम ब्लास्ट मामले का ट्रायल चल रहा था। जेल अधीक्षक के कार्यालय में हुई मुलाकात में मनीष लाला ने उनसे कहा कि वे उन्हें अपनी कस्टडी में ले लें, फिर वे बात करेंगे। नीरज कुमार ने दिल्ली में दर्ज एक टाडा मामले में उन्हें अपनी हिरासत में लिया, जिसका मनीष लाला ने कोर्ट में विरोध भी नहीं किया। नीरज कुमार के मुताबिक, कस्टडी में आने के बाद मनीष लाला ने दाऊद के संपर्क में आने से लेकर उसके करीबी बनने तक की पूरी कहानी बताई और कहा कि जैसे वे उनकी कस्टडी में आए, वैसे ही दाऊद भी सरेंडर कर सकता है। मनीष लाला ने उनकी बात दाऊद से कराने की पेशकश की।
नीरज कुमार के अनुसार, सीक्रेट टेलीफोन के जरिए मनीष लाला ने उनकी बात दाऊद से कराई। पहली बात में दाऊद ने कई सवाल पूछे, जैसे कि क्या उन्हें लगता है कि वह मुंबई बम ब्लास्ट में शामिल था। दाऊद ने कहा कि अगर ऐसा होता तो वह भी टाइगर मेमन की तरह अपनी फैमिली को वहां से हटा लेता। नीरज कुमार ने बताया कि आरडीएक्स के बारे में पूछे जाने पर दाऊद सहम गया और कहा कि वह सरेंडर कर सकता है, लेकिन उसकी अपनी शर्तें हैं। उसकी लंबी-चौड़ी शर्तें थीं। वरिष्ठ अधिकारियों से बात के बाद तय हुआ कि शर्तों पर सरेंडर संभव नहीं है, जिसके बाद बातचीत बंद हो गई। नीरज कुमार ने यह भी कहा कि दाऊद ने अपने गैंग के बारे में कई बातें बताईं और सफाई देने की कोशिश की, लेकिन सवाल पूछने पर वह कई बार असहज हो गया। उनके मुताबिक, दाऊद झूठ बोल रहा था। उन्होंने कहा कि पूरी साजिश दाऊद के दुबई वाले घर में हुई थी, जहां उसने आईएसआई के साथ बैठकर मुंबई बम ब्लास्ट की प्लानिंग की थी, जिसमें मुंबई से लोगों को पाकिस्तान भेजने, एके-47 और आरडीएक्स लाने की योजना शामिल थी।
