सिंधु जल संधि निलंबित किए जाने के बाद भारत को हाथ काटने की धमकी देने वाले पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मलिक भारत आ गए हैं। वह दिल्ली में होने वाली शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक में हिस्सा लेंगे। मलिक की छवि बड़बोले मंत्री के तौर पर बन गई है। भारत द्वारा सिंधु जल संधि सस्पेंड किए जाने पर उन्होंने कहा था कि वह भारत का हाथ काट देंगे। पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी सिंधु जल संधि को लेकर गिड़गिड़ाता रहा है, लेकिन भारत उसकी एक भी सुनने को तैयार नहीं है। एससीओ में चीन, रूस, किर्गिस्तान, कजाकिस्तान, ईरान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, पाकिस्तान और बेलारूस शामिल हैं।
पाकिस्तानी मंत्री के भारत आने पर विपक्ष सरकार पर आक्रामक हो गया है। कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि केंद्र सरकार विदेश नीति के मामले में बहुत समझौता कर रही है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार को पता ही नहीं है कि क्या करना है और क्या नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी डोनाल्ड ट्रंप के प्रेशर में काम कर रहे हैं। बता दें कि राहुल गांधी के बयान के बाद भारत-पाकिस्तान की बहस वैसे भी जोर पकड़ चुकी है।
पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत के ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान बेहद पस्त हो गया था। सिंधु जल संधि सस्पेंड होने के बाद पाकिस्तान की बेचैनी और बढ़ गई। इसके बाद से पाकिस्तान की ओर से कोई भी भारत नहीं आया था। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अमेरिका में स्पष्ट कहा था कि आतंकवाद पर लगाम लगाए बिना पाकिस्तान के साथ कोई वार्ता नहीं हो सकती। उन्होंने कहा था कि आतंकवाद और वार्ता साथ-साथ नहीं चल सकते। इसी लहजे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि खून और पानी दोनों साथ नहीं बह सकते।
इससे पहले 2023 में तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो भारत आए थे। उस समय गोवा में एससीओ के विदेश मंत्रियों की बैठक आयोजित की गई थी। पहलगाम और पुलवामा के बाद दोनों देशों के संबंध ज्यादा तनावपूर्ण हो गए हैं। पाकिस्तान आतंकवाद को लेकर कोई कदम नहीं उठा रहा है, ऐसे में भारत के साथ वार्ता का कोई रास्ता नहीं दिखाई देता।
