बाराबंकी के रामनगर स्थित बिलखिया देवसानी गन्ना तौल केंद्र पिछले तीन दिनों से ठप है। केंद्र से गन्ना ले जाने वाले ट्रक नहीं पहुंचने से तौल का काम बंद पड़ा है और गन्ने से लदी करीब 36 ट्रालियां केंद्र पर खड़ी हैं। किसान दिन-रात तौल का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। केंद्र से गन्ना हैदरगढ़ चीनी मिल भेजा जाता है।
किसानों का कहना है कि पिछले तीन दिनों में केंद्र पर केवल एक ट्रक ही पहुंचा है, जिससे तौल बंद है और ट्रालियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कटहरी निवासी सुंदर सिंह, सैदनपुर निवासी परागी, सेमराय निवासी राणा प्रताप सिंह, अमन सिंह और रामशंकर समेत अन्य किसानों ने बताया कि वे तीन दिनों से ट्राली लेकर केंद्र पर खड़े हैं। उनके मुताबिक, 24 घंटे में एक कुंतल गन्ने का वजन करीब 5 से 7 किलो तक कम हो रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान की आशंका है। खेतों में खड़ा गन्ना भी सूखने लगा है।
किसानों की चिंता सिर्फ वजन घटने तक सीमित नहीं है। उनका कहना है कि गन्ना पर्ची पर तय तारीख या समय तक तौल केंद्र न पहुंचने पर पर्ची निरस्त होने का खतरा भी बना रहता है। ऐसी स्थिति में दोबारा पर्ची के लिए आवेदन करना पड़ता है, जिससे परेशानी और बढ़ जाती है।
किसानों का आरोप है कि खाद, बीज, सिंचाई और मजदूरी पर खर्च लगातार बढ़ रहा है, और समय से तौल न होने से उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जल्द पर्याप्त ट्रकों की व्यवस्था कराने और तौल सुचारु रूप से शुरू कराने की मांग की है।
