छठ महापर्व के बाद पूर्वांचल लौटने वाले यात्रियों को बाराबंकी जंक्शन पर ट्रेनों में सीट नहीं मिल रही है। जंक्शन से गुजरने वाली लंबी दूरी की ज्यादातर ट्रेनों के स्लीपर और जनरल कोच पहले से भरे हुए हैं। कई ट्रेनें यहां रुकती भी नहीं हैं। तत्काल टिकट मिलना मुश्किल है और वेटिंग 150 से 200 के पार बताई जा रही है। ऐसे में यात्रियों को बसों और निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है।

आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोरखपुर, देवरिया, जौनपुर और बनारस जाने वाले यात्रियों की संख्या हर साल बढ़ती है और इस बार भी त्योहार के बाद भीड़ है। जिन ट्रेनों में सीटें फुल बताई गई हैं, उनमें जौनपुर-बनारस, लखनऊ-वाराणसी सिटी एक्सप्रेस, साबरमती, मरुधर, फरक्का, बनारस-मालदा, गंगा सतलज एक्सप्रेस, लखनऊ और सियालदह एक्सप्रेस शामिल हैं। कई यात्रियों को लखनऊ या गोंडा जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ रही है, जिससे समय और किराया दोनों बढ़ रहे हैं।

जंक्शन के पूछताछ केंद्र पर यात्रियों की लंबी कतारें हैं। ट्रेन में जगह न मिलने पर लोग बाराबंकी बस अड्डे पहुंच रहे हैं, जहां पूर्वांचल जाने वाली बसें खचाखच भरी हैं। यात्रियों के मुताबिक, बसों में बैठने की जगह नहीं मिल रही और उन्हें खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है। निजी बस संचालक पहले के 200 रुपये के मुकाबले अब 350 से 400 रुपये तक किराया ले रहे हैं। कई लोग निजी टैक्सी और कार बुक कर रहे हैं, जिसके लिए चार लोगों को 2500 से 3000 रुपये तक देने पड़ रहे हैं।

स्टेशन अधीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि छठ मनाकर लौट रहे यात्रियों को कन्फर्म आरक्षण नहीं मिल रहा है और ज्यादातर ट्रेनों के आरक्षण पहले से बुक हैं।