बरेली में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए चार सीओ के स्थानांतरण के बाद रिक्त चल रहीं सर्किलों में एसएसपी अनुराग आर्य ने शनिवार को नई तैनाती की। सीओ प्रथम आशुतोष शिवम को सीओ बहेड़ी बनाया गया है, जबकि सीओ तृतीय एएसपी शिवम आशुतोष को नया सीओ आने तक प्रथम की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।

एसएसपी ने कई अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किए। सीओ मीरगंज अजय कुमार को सीओ द्वितीय, सुनीता दहिया को सीओ मीरगंज, यादवेंद्र यादव को सीओ हाइवे और सीओ हाइवे व अपराध देवेश सिंह को सीओ फरीदपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मधुप कुमार सिंह को सीओ निर्वाचन व आंकिक बनाया गया है। सीओ यातायात, यूपी 112 व वीआईपी अंजनी कुमार तिवारी को सीओ कार्यालय के अवकाश से लौटने तक उनके कार्यभार देखने की जिम्मेदारी दी गई है।

इस बीच, शासन ने शनिवार को नगर निकायों में प्रशासनिक फेरबदल के तहत दो अधिकारियों का तबादला किया और एक नए संयुक्त नगर आयुक्त की तैनाती की। जारी आदेश के अनुसार कानपुर के संयुक्त नगर आयुक्त संतोष कुमार यादव को बरेली भेजा गया है। संयुक्त नगर आयुक्त मयंक यादव को बरेली से मुरादाबाद और उप नगर आयुक्त पूजा त्रिपाठी को लखनऊ नगर निगम में तैनाती दी गई है।

पूजा त्रिपाठी ने बरेली नगर निगम में कई प्रमुख विभागों की जिम्मेदारी संभाली और कई प्रमुख जांच में अहम भूमिका निभाई। उनकी सख्त कार्यशैली ने उन्हें अलग पहचान दी। इसी तरह संयुक्त नगर आयुक्त मयंक यादव ने अतिक्रमण हटवाने में भी अहम भूमिका निभाई।