भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड यानी बीईएल ने अपनी गाजियाबाद यूनिट के लिए बीटेक फ्रेशर्स की अप्रेंटिस भर्ती निकाली है। रक्षा मंत्रालय के अधीन काम करने वाली इस सरकारी कंपनी में चयनित उम्मीदवारों को एक साल की ट्रेनिंग दी जाएगी, जिसके दौरान हर महीने 17,500 रुपये स्टाइपेंड मिलेगा। इच्छुक उम्मीदवार कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट bel-india.in के जरिए आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख 30 नवंबर 2026 है, इसके बाद फॉर्म नहीं भरे जा सकेंगे।

इस भर्ती में कुल 15 पद हैं। इनमें सिविल इंजीनियरिंग के 2, मैकेनिकल इंजीनियरिंग के 3 और इलेक्ट्रॉनिक्स ब्रांच के 10 पद शामिल हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स ब्रांच में इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग शामिल हैं। आवेदन केवल भारतीय नागरिक कर सकते हैं। उम्मीदवार के पास AICTE या भारत सरकार से मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से संबंधित ब्रांच में बीटेक की डिग्री होनी चाहिए, जो 14 नवंबर 2023 को या उसके बाद की हो। 15 नवंबर 2026 को उम्मीदवार की उम्र 25 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए। एससी/एसटी उम्मीदवारों को 5 साल, ओबीसी को 3 साल और पीडब्ल्यूबीडी को 10 साल की ऊपरी आयु में छूट मिलेगी।

आवेदन के लिए उम्मीदवारों को nats.education.gov.in पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद एनरोलमेंट नंबर बनेगा, फिर लॉगइन करके 'भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड-गाजियाबाद' का विकल्प चुनना होगा और 'Click Apply' पर क्लिक करके मांगी गई जानकारी, दस्तावेज, फोटो और बीटेक के मार्क्स अपलोड करने होंगे। किसी भी पूछताछ के लिए natssupport_student@aicte_india.org पर ईमेल किया जा सकता है। चयन लिखित परीक्षा के जरिए होगा, जिसका आयोजन बीईएल करेगा और परीक्षा की तारीख व स्थान की जानकारी कंपनी अपने समयानुसार देगी।

कंपनी ने साफ किया है कि यह अप्रेंटिस की वैकेंसी नियमित नौकरी नहीं है। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को बीईएल गाजियाबाद में रोजगार का कोई अधिकार नहीं होगा।