भदोही के जिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह ने रविवार को मतदान स्थलों का निरीक्षण कर निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का जायजा लिया। कंपोजिट विद्यालय पिपरिस में उन्होंने बूथ लेबल अधिकारियों (बीएलओ) के कार्यों की जांच की, जहां संबंधित बीएलओ ने कुल 54 फार्म छह भरने की पुष्टि की।

जिलाधिकारी ने मतदाताओं से संवाद करते हुए एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं व अन्य पात्र लोगों का नाम मतदाता सूची में दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने बीएलओ से आलेख्य प्रकाशित मतदाता सूची के संबंध में जानकारी प्राप्त कर फार्म-6, फार्म-7 व फार्म-8 के माध्यम से लोगों का नाम सूची में सम्मिलित करने, अपात्र प्रविष्टियों को हटाने तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन से जुड़े सभी आवेदनों को नियमानुसार प्राप्त कर निस्तारित करने पर बल दिया।

उन्होंने बीएलओ को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क व जागरूकता गतिविधियां संचालित कर युवाओं और महिला मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जनपदवासियों से अभियान के तहत 28 व 29 नवंबर को अपने संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचने का आह्वान किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पोलियो बूथ पर उपस्थित बच्चों को फूल व टाफी वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।