भागलपुर-कजरैली-बांका स्टेट हाईवे-25 और अकबरनगर-शाहकुंड-अमरपुर स्टेट हाईवे-85 पर अगले साल मार्च-अप्रैल से टोल टैक्स वसूली शुरू होने की योजना है। पथ निर्माण विभाग इस पर काम कर रहा है। 29.4 किलोमीटर लंबे अकबरनगर-शाहकुंड-अमरपुर हाईवे पर किरणपुर और अंबा के बीच मस्जिद के पास टोल प्लाजा के लिए स्थल चुना गया है। विभाग ने एनओसी के लिए वन एवं पर्यावरण विभाग को आवेदन दिया था, और गुरुवार को डीएफओ तथा रेंजर सहित वन विभाग की टीम ने स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण में पथ निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अजय कुमार सिन्हा और कनीय अभियंता ज्योति कुमारी भी मौजूद रहीं। अधिकारियों के अनुसार, स्थल के आसपास एक भी वृक्ष न होने से जल्द एनओसी मिलने की उम्मीद है।
विभागीय अभियंताओं के मुताबिक, इस टोल प्लाजा की दरें भागलपुर-कजरैली-बांका स्टेट हाईवे-25 के आधार पर तय की गई हैं। एसएच-25 पर समुखिया मोड़ के पास टोल प्लाजा बनेगा, जहां पहले वन विभाग का सर्वे हो चुका है। एसएच-85 पर 60 मीटर से अधिक लंबी संरचना को छोड़कर टोल लगेगा, जबकि सड़क पर बने कॉजवे को टोल गणना में शामिल किया गया है। सड़क और कॉजवे दोनों के लिए निर्धारित आधार दर का 60 प्रतिशत शुल्क लिया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि एसएच-25 से सीधे बांका आने-जाने पर एक जगह टोल देना होगा, लेकिन एसएच-85 से होकर बांका जाने-आने वाले वाहनों को दो जगह टोल देना होगा। शुल्क वसूली के लिए बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड (बीएसआरडीसीएल) को अपने अधिकारियों या ठेकेदार के माध्यम से अधिकृत किया गया है।
विभाग की अधिसूचना के अनुसार, निजी इस्तेमाल के लिए पंजीकृत कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहनों को टोल से छूट दी गई है। जहां सर्विस रोड या वैकल्पिक सड़क उपलब्ध होगी, वहां उसका इस्तेमाल करने वाले दोपहिया वाहनों को भी टोल नहीं देना होगा। नियमित यात्रियों के लिए पास की व्यवस्था है। एक बार टोल भरने के बाद 24 घंटे के भीतर दो एकतरफा यात्राओं के लिए सामान्य एकतरफा शुल्क का डेढ़ गुना भुगतान करना होगा, जबकि 50 सामान्य एकतरफा यात्राओं के कुल शुल्क का दो-तिहाई भुगतान कर पास बनवाया जा सकेगा। निर्धारित क्षमता से अधिक वजन वाले वाहनों से उनकी श्रेणी के प्रवेश शुल्क के बराबर अतिरिक्त शुल्क वसूला जाएगा। टोल दरों में हर साल संशोधन होगा और प्लाजा पर रेट बोर्ड प्रदर्शित किया जाएगा।
