पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के गठबंधन की घोषणा पर आम आदमी पार्टी ने हमला बोला है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को इस गठबंधन को 'ठग समझौता' करार दिया और कहा कि इसका मकसद पंजाब की जनता की सेवा नहीं, बल्कि दोनों पार्टियों के परिवारों और चुनावी सीटों को बचाना है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि जो लोग कल तक तीन कृषि कानूनों, पंजाब के पानी, चंडीगढ़ और सिख संस्थाओं पर एक-दूसरे को कोस रहे थे, वे आज सत्ता के लालच में फिर एक साथ आ गए हैं।

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगले साल की शुरुआत में होने वाले चुनाव के मद्देनजर भाजपा सत्ता के लालच में किसी भी दल से गठबंधन कर सकती है। केजरीवाल ने कहा कि दोनों दल अपने राजनीतिक हितों के लिए बार-बार साथ आते और अलग होते रहे हैं, जबकि आप का असली गठबंधन पंजाब की महिलाओं, अनुसूचित जाति समुदाय, किसानों और व्यापारियों के साथ है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता तीन कृषि कानूनों के खिलाफ हुए किसान आंदोलन को नहीं भूली है।

आप की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उस घोषणा का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा-शिअद गठबंधन में अकाली दल की भूमिका 'बड़े भाई' की होगी। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि भाजपा अपने सहयोगी दलों को 'बड़ा भाई' बताकर उनका राजनीतिक अस्तित्व खत्म करती रही है और इसी तरह का व्यवहार उसने बीजू जनता दल और बिहार में नीतीश कुमार की पार्टी के साथ भी किया।

आप नेता मनीष सिसोदिया ने भी गठबंधन पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस गठबंधन ने पंजाब में मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े नेताओं को एकजुट कर दिया है। सिसोदिया ने कहा कि ये वही लोग हैं जिन्होंने पहले पंजाब को नशे की दलदल में धकेला था।