भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह के खिलाफ हाजीपुर कोर्ट में 2021 के हर्ष फायरिंग मामले में आरोप तय किए गए हैं। अभिनेत्री के अधिवक्ता अमरेंद्र कुमार पांडेय ने यह जानकारी दी। मामला अप्रैल 2021 में वैशाली जिले के लालगंज में पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला के आवास पर आयोजित उपनयन संस्कार कार्यक्रम से जुड़ा है।

अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी द्वितीय रागिनी सिंह के न्यायालय में गुरुवार को अभिनेत्री अक्षरा सिंह के विरुद्ध आरोप गठन किया गया। यह मामला अप्रैल 2021 में लालगंज के पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला के घर आयोजित उपनयन संस्कार कार्यक्रम में कोरोना प्रोटोकॉल और नाइट कर्फ्यू के उल्लंघन तथा फायरिंग से जुड़े प्रसारित वीडियो के आधार पर दर्ज किया गया था। इस मामले में अभिनेत्री हाजीपुर न्यायालय में पेश हुईं।

लालगंज थाने की पुलिस ने इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की थी, जिसमें अभिनेत्री अक्षरा सिंह समेत कई लोगों को आरोपित किया गया था। उस वायरल फुटेज में मंच पर अक्षरा सिंह की प्रस्तुति के बीच पुलिस की वर्दी पहने एक अंगरक्षक को कार्बाइन से हर्ष फायरिंग करते देखा गया था।

करीब पांच वर्ष पुराना यह चर्चित प्रकरण आरोप तय होने के बाद एक बार फिर सुर्खियों में लौट आया है।