रॉबर्ट पैटिनसन के अगले जेम्स बॉन्ड बनने की खबर के बाद से फैंस में उत्सुकता है। अब सबकी नजरें उनकी अपोजिट कास्ट होने वाली नई बॉन्ड गर्ल पर टिकी हैं। यह भूमिका किसे मिलेगी, इसका खुलासा तो वक्त आने पर होगा, लेकिन इस बीच 1962 से अब तक की जेम्स बॉन्ड फ्रेंचाइजी में अलग-अलग हीरोइनों ने 'बॉन्ड गर्ल' का किरदार निभाया है।

साल 1962 में रिलीज हुई पहली जेम्स बॉन्ड फिल्म 'डॉ. नो' में शॉन कॉनरी के अपोजिट उर्सुला एंड्रेस ने 'हनी राइडर' का किरदार निभाया था, जिसके लिए उन्हें गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। 1964 की फिल्म 'गोल्डफिंगर' में ऑनर ब्लैकमैन ने 'पुसी गैलोरे' की भूमिका निभाई, जो सिर्फ ग्लैमर गर्ल नहीं बल्कि एक शानदार पायलट थीं और बॉन्ड के मिशन में उनका अहम योगदान था। 1969 की फिल्म 'ऑन हर मैजेस्टीज सीक्रेट सर्विस' में डायना रिग ने ट्रेसी का किरदार अदा किया; यह इकलौती बॉन्ड फिल्म थी जिसमें जेम्स बॉन्ड ने शादी की थी।

1977 की फिल्म 'द स्पाई हू लव्ड मी' में बारबरा बाख ने सोवियत केजीबी एजेंट 'मेजर आन्या अमासोवा' की भूमिका निभाई और एक्शन सीन्स में बॉन्ड को कड़ी टक्कर दी। 1995 की 'गोल्डनआई' में फैमके जानसेन ने 'जेनिया ओनाटॉप' का किरदार निभाया, जो फ्रेंचाइजी की सबसे खतरनाक दुश्मन बनीं। ऑस्कर विजेता मिशेल योह ने 1997 की फिल्म 'टुमॉरो नेवर डाइज' में चीनी जासूस 'वाई लिन' की भूमिका निभाई और सारे एक्शन सीन्स खुद किए। 2002 की 'डाई अनदर डे' में ऑस्कर विजेता हैल बेरी ने अमेरिकी एनएसए एजेंट 'जिंक्स जॉनसन' का रोल किया।

डेनियल क्रेग की पहली बॉन्ड फिल्म 'कसीनो रॉयल्स' (2006) में इवा ग्रीन ने 'वेस्पर लिंड' का किरदार निभाया। लिया सेडौक्स 'स्पेक्ट्रे' (2015) और 'नो टाइम टू डाई' (2021) में 'डॉ. मैडलिन स्वान' की भूमिका में नजर आईं और लगातार दो फिल्मों में आने वाली इकलौती मुख्य बॉन्ड गर्ल बनीं। 'नो टाइम टू डाई' में एना डी आर्मस ने CIA एजेंट 'पालोमा' का छोटा लेकिन धमाकेदार रोल निभाया, जिसके क्यूबा में फिल्माए एक्शन सीन्स को खूब पसंद किया गया।