शाहरुख खान की फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' में छुटकी का किरदार निभाने वालीं अभिनेत्री पूजा रूपारेल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें वे मुंबई में पेड़ काटे जाने पर रोती हुई नजर आ रही हैं। यह मामला मुंबई के नाना नानी पार्क से जुड़ा है, जहां बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) वर्सोवा-भायंदर कोस्टल रोड प्रोजेक्ट के लिए इंटरचेंज बनाने की तैयारी में हरियाली साफ कर रहा है। इसका लगातार विरोध हो रहा है, लेकिन 18 नवंबर को पेड़ों की कटाई शुरू हो गई।

वीडियो में पूजा रूपारेल कहती हैं कि ये केवल हेरिटेज ट्री नहीं, बल्कि 35 साल पुराने पेड़ हैं जिन्हें काटा गया है। वे कहती हैं कि ये हमारा पेड़ था, ऐसा नहीं कर सकते, ये इलीगल है। कटे पेड़ से गिरे फल उठाकर वे रोते हुए कहती हैं कि ये पक्षियों का खाना था और इस पेड़ में उनका आशियाना था जो अब बिखर चुका है। वे कहती हैं कि एक पेड़ को इतना बड़ा होने में कई साल लगते हैं और यह कार्बन लेता है। उन्होंने कहा कि इन्होंने हमारे पूर्वज को चीरा है।

एक अन्य वीडियो में पुलिस को अभिनेत्री को वहां से ले जाते हुए देखा जा सकता है। महिला पुलिस उनसे कहती हैं- प्लीज मैडम चलिए, और इसके बाद उन्हें खींचकर वैन की ओर ले जाया जाता है। वीडियो में पूजा कहती हैं कि यह पहली बार है कि वे पुलिस स्टेशन जा रही हैं और वह भी किसी अच्छे काम के लिए आवाज उठाने की वजह से।

बता दें कि पूजा रूपारेल रिश्ते में अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा की मौसेरी बहन हैं। सोनाक्षी की मां पूनम पूजा की मौसी लगती हैं। पूजा ने बताया था कि उन्हें फिल्म में पहला ब्रेक सोनाक्षी की मां की वजह से ही मिला था।