टीवी शो 'महाभारत' में भगवान कृष्ण का किरदार निभाने वाले अभिनेता नीतीश भारद्वाज ने नितेश तिवारी निर्देशित फिल्म 'रामायण' को लेकर अपनी नाराजगी जताई है। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने फिल्म को एजेंडा फिल्म बताया और सरकार से इसकी फंडिंग में मनी ट्रेल की जांच करने की अपील की। उन्होंने सवाल किया कि सरकार इस मामले पर अब तक चुप क्यों है। भारद्वाज का कहना है कि फिल्म की प्रोडक्शन कंपनी में लक्जमबर्ग, यूएई और सिंगापुर से पैसा आया है।
अभिनेता ने कहा कि ट्रेलर देखने के बाद उन्हें फिल्म से काफी उम्मीदें थीं और उन्हें लगा था कि यह ऑस्कर में जाएगी और अवॉर्ड जीतेगी। उन्होंने फिल्म की कथित ₹4,000 करोड़ की कमाई, निर्देशक के ट्रैक रिकॉर्ड और एआर रहमान के म्यूजिक पर भरोसा जताया था। लेकिन फिल्म देखने के बाद उनके विचार बदल गए।
भारद्वाज ने आरोप लगाया कि फिल्म में रावण को अच्छे राजा के रूप में दिखाया गया है, जबकि भगवान राम के किरदार को कमजोर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि भगवान राम को एक बहुत छोटे, आम इंसान के रूप में दिखाया गया है, जिसका चेहरा बेजान है। उनके मुताबिक, रावण की नेगेटिव बातें बिल्कुल नहीं दिखाई गईं और उनका किरदार एक मार्क्सवादी कम्युनिस्ट नेता जैसा लगता है।
अभिनेता ने अयोध्या छोड़ते हुए रोते हुए राम दिखाने पर भी एतराज जताया। उन्होंने कहा कि यह फिल्म इक्ष्वाकु वंश के सम्मान और नियम को नहीं दिखाती। उन्होंने अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि फिल्म में रावण को इस तरह दिखाया गया है कि नई पीढ़ी उसे हीरो मानने लग सकती है। उन्होंने सवाल खड़ा किया कि अगर रावण इतना अच्छा और न्यायप्रिय राजा था, तो भगवान विष्णु को राम अवतार लेने की जरूरत ही क्यों पड़ी।
