भोपाल में सोमवार को मध्य प्रदेश की पहली ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला का उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद में इस अत्याधुनिक लैब का लोकार्पण किया। यह प्रयोगशाला लगभग 10 लाख साल पुराने पुरातात्विक अवशेषों की सटीक उम्र का पता लगाने में सक्षम बताई गई है। लैब का नाम प्रसिद्ध पुरातत्वविद् और भीमबेटका शैलाश्रयों के खोजकर्ता पद्मश्री डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर के नाम पर रखा गया है। इसके साथ ही विज्ञान भवन में वाकणकर के कार्यों को समर्पित एक गैलरी का भी लोकार्पण किया गया। देश में अहमदाबाद, लखनऊ, देहरादून और हैदराबाद सहित एक दर्जन से अधिक स्थानों पर ऐसी प्रयोगशालाएं पहले से कार्यरत हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रयोगशाला लगभग 10 लाख वर्ष पुराने अवशेषों का वैज्ञानिक परीक्षण कर सकेगी। इससे प्राचीन सभ्यताओं के कालखंड, मानव विकास क्रम और उस दौर की जलवायु परिस्थितियों को समझने में मदद मिलेगी। इस तकनीक से यह भी सटीक रूप से स्थापित किया जा सकेगा कि जमीन में दबे अवशेष आखिरी बार सूर्य के प्रकाश के संपर्क में कब आए थे।
मुख्यमंत्री ने राज्य में विज्ञान और नवाचार को बढ़ावा देने वाली अन्य योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उज्जैन में 100 एकड़ क्षेत्र में डीप-टेक रिसर्च एंड इनोवेशन पार्क विकसित किया जा रहा है, जिसके लिए 237 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं और इसमें आईआईटी इंदौर तकनीकी भागीदार होगा। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य शोध पीठ को जल्द ही विक्रमादित्य अकादमी के रूप में विकसित किया जाएगा। कार्यक्रम में धनुष क्वांटम लिमिटेड और MPCST के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर भी किए गए।
कार्यक्रम में MPCST के महानिदेशक अनिल कोठारी ने कहा कि यह नई प्रयोगशाला पुरातात्विक अनुसंधान को आधुनिक वैज्ञानिक तरीकों से जोड़ेगी। उन्होंने जानकारी दी कि परिषद अब तक 250 से अधिक युवा वैज्ञानिकों को फेलोशिप प्रदान कर चुकी है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सरकारी प्रक्रियाओं की जटिलताओं पर हल्के-फुल्के अंदाज में चुटकी भी ली और कहा कि सरकार को चीजें समझाना और राजी करना अपने आप में एक कठिन चुनौती है। उन्होंने 'महाकाल: द मास्टर ऑफ टाइम' विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला का उद्घाटन किया और इसी विषय पर एक कॉफी-टेबल बुक का विमोचन भी किया।
