पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री अर्जुन सिंह ने पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश पर कब्जा करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि हिंदुओं के 'निधन' का बदला लिया जाएगा। मंगलवार को उन्होंने कहा, '16 दिसंबर तक बांग्लादेश ले लेंगे हम लोग। बहुत हो गया है। बांग्लादेश के पास अब कोई बहाना नहीं है। बांग्लादेश में जिस तरह से हिंदू निधन हुआ है, उसका बदला तो हम लेंगे ही।' हालांकि, उन्होंने इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है।
बीते कुछ सप्ताह से बांग्लादेश में हिंसा का दौर जारी है। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना भी मुल्क वापसी का ऐलान कर चुकी हैं। उनके प्रवक्ता सैयद मोजम्मिल अली ने कहा था कि हसीना ने संकेत दिया है कि उनकी वापसी 16 दिसंबर को बांग्लादेश के विजय दिवस पर होगी, जो 1971 में मुक्ति संग्राम के समाप्त होने के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि हसीना बांग्लादेश की राष्ट्रीय विमानन कंपनी 'बिमान एयरलाइन्स' से लौटेंगी। हसीना 2024 से भारत में रह रही हैं और लौटकर कानूनी कार्यवाही का सामना करने के लिए तैयार हैं।
बांग्लादेश हसीना को विमान से वापस बुलाए जाने के अनुरोध खारिज करता नजर आ रहा है। विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा, 'उन्हें केवल हथकड़ी लगाकर या कड़ी निगरानी में ही वापस लाया जा सकता है।' उन्होंने कहा कि हसीना क्या चाहती हैं और क्या हो सकता है, इसके बीच अंतर किया जाना चाहिए। मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने कहा कि शेख हसीना के संबंध में बांग्लादेश सरकार का रुख वैसा ही है जैसा विदेश भाग गए किसी भी अन्य दोषी व्यक्ति के संबंध में होता है और वे बांग्लादेशी क्षेत्र में जहां भी प्रवेश करेंगी, उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्रधानमंत्री तारिक रहमान के सूचना और प्रसारण सलाहकार जाहिद उर रहमान ने कहा कि शेख हसीना आएंगी या नहीं, यह उनसे चर्चा करने का विषय नहीं है और इस पर चर्चा भारत के साथ होगी। उन्होंने कहा कि एक गंभीर अपराधी अपने सहयोगियों के साथ भारत में है और उसे दोषी ठहराया जा चुका है, इसलिए वह आएंगी या नहीं, किस विमान से यात्रा करेंगी और उन्हें कैसे सौंपा जाएगा, इन मामलों पर भारत के साथ चर्चा की जाएगी।
