सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को कहा कि वह मदुरै जिले में तिरुपरमकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित दीपथून में पारंपरिक कार्तिगई दीपम नहीं जलाए जाने के मामले में अवमानना याचिका पर सुनवाई करेगा और राज्य सरकार की स्थिति रिपोर्ट का अवलोकन करेगा। इस बीच तमिलनाडु सरकार ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में माफी मांगी है।
मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्ण की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल पंचोली की पीठ को बताया कि दीपथून पर दीप जलाने की व्यवस्था नहीं हो सकी। हलफनामे में कलेक्टर ने कहा कि उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन कराने की पूरी कोशिश की, लेकिन मंदिर प्रशासन ने इसे स्थापित परंपराओं और अनुष्ठानों के खिलाफ बताते हुए अनुमति नहीं दी। इसके लिए अदालत से माफी मांगी गई। राज्य सरकार ने बताया कि मंदिर प्रशासन ने स्थापित परंपराओं का हवाला देते हुए स्तंभ पर दीप जलाने की अनुमति नहीं दी, जिसके चलते दीप केवल पारंपरिक स्थान पर ही जलाया गया।
सुप्रीम कोर्ट ने अपने स्तर पर अवमानना कार्यवाही शुरू करने से इनकार कर दिया, लेकिन संबंधित पक्षों को अवमानना याचिका दाखिल करने की छूट दी। पीठ ने कहा कि याचिका दाखिल होने के बाद जरूरत पड़ने पर उचित आदेश पारित किया जाएगा। वरिष्ठ अधिवक्ता गुरु कृष्णकुमार ने अदालत को बताया कि अवमानना याचिका जल्द दाखिल की जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को एक बार के उपाय के तौर पर मंदिर प्रशासन की ओर से अधिकृत छोटी टीम को 24 नवंबर को दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी थी और जिला कलेक्टर को व्यवस्थाओं की निगरानी तथा उत्सव के तीन दिन के भीतर अनुपालन रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया था। मंदिर प्रशासन का कहना था कि ट्रस्टियों ने सर्वसम्मति से स्थापित परंपराओं का पालन करने का फैसला किया है, जिनके अनुसार दीप उचिपिल्लैयार मंदिर में जलाया जाना चाहिए, न कि दीपथून पर। प्रशासन ने दीपथून को ब्रिटिश काल में स्थापित सर्वेक्षण पत्थर बताया।
हिंदू श्रद्धालुओं ने अदालत में आरोप लगाया कि दीपम विवाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेश का जानबूझकर उल्लंघन किया गया। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि जहां दीप जलाया गया था, वहां से लौ लेकर विवादित दीपथून पत्थर के स्तंभ पर स्थापित की जाए। सुप्रीम कोर्ट ने इस मांग पर आवेदन दाखिल करने को कहा है।
