पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को कहा कि ‘सेवा दूत’ के रूप में काम कर रहे भाजपा कार्यकर्ता लोगों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएं और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह बात भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में ‘सेवा दूतों’ और विधानसभा समन्वयकों के लिए आयोजित राज्य-स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला को संबोधित करते हुए कही। कार्यशाला में पटना, मुंगेर, बेगूसराय और नालंदा संभागों के सेवा दूतों और समन्वयकों ने हिस्सा लिया।

भाजपा ने 25 नवंबर को बिहार में ‘सेवा दूत’ अभियान शुरू किया था। इस जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत हर विधानसभा क्षेत्र के लिए दो ‘सेवा दूत’ और दो समन्वयक नियुक्त किए गए हैं, जो लोगों को केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री और केंद्र के प्रधानमंत्री के रूप में 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता एक दिसंबर से 25 दिनों तक पूरे राज्य में लोगों से संपर्क करेंगे।

चौधरी ने बताया कि ‘सहयोग’ पोर्टल पर लगभग 11 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं। पारदर्शिता सुनिश्चित करने और 30 दिनों के भीतर उचित आदेश जारी करने के लिए सॉफ्टवेयर के माध्यम से इन आवेदनों के निपटान की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने राज्य की विकास पहलों का जिक्र करते हुए बताया कि विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक भवनों तथा जल निकासी और सड़क संबंधी बुनियादी ढांचे के निर्माण और उन्नयन के लिए 43,000 गांवों में ‘सेवा संकल्प और कायाकल्प’ अभियान चलाया जा रहा है। यह पहल सितंबर में बिहार में शुरू की गई थी, जिसका उद्देश्य स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण विकास के क्षेत्रों में मरम्मत, आधुनिकीकरण और नए निर्माण कार्यों के जरिए सार्वजनिक सुविधाओं में सुधार लाना है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले एक साल में बिहार में 9,000 से अधिक कंपनियों का पंजीकरण हुआ है, जबकि सरकार ने उद्योग लगाने के लिए लाइसेंस देने की प्रक्रिया सरल बना दी है, ताकि 30 दिनों के भीतर लाइसेंस मिल सके। कार्यक्रम में बिहार के मंत्री रामकृपाल यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक संजय सरावगी समेत अन्य लोग शामिल हुए।