मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) के स्टेशन रोड निवासी प्रसिद्ध न्यूरोसर्जन डॉ. प्रकाश खेतान ने 53 साल की उम्र में कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लैट) पास कर लिया है। इस परीक्षा में उन्होंने 37,628वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल की। उनकी इस उपलब्धि की चर्चा हर तरफ हो रही है। डॉ. खेतान ने बताया कि अस्पताल में मरीजों के इलाज में लंबे घंटे बिताने के बाद वे देर रात और मिलने वाले खाली समय में कानून की पढ़ाई करते थे। मरीजों का रोजाना इलाज करने के बावजूद उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की इस लॉ प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए समय निकाला।
यह पहली बार नहीं है जब डॉ. खेतान ने उम्र को लेकर बनी पुरानी धारणाओं को चुनौती दी हो। साल 2023 में उन्होंने अपनी बेटी मिताली को प्रेरित करने के लिए नीट-यूजी परीक्षा दी थी। उस परिणाम में बेटी मिताली ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए थे, जबकि डॉ. खेतान ने खुद 89 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। पिता-बेटी की इस शैक्षणिक सफलता ने कई छात्रों और अभिभावकों को प्रेरित किया था।
डॉ. खेतान को चिकित्सा विशेषज्ञता के लिए वैश्विक पहचान भी मिल चुकी है। साल 2012 में उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ था। उन्होंने एक ही सर्जरी में मानव मस्तिष्क से 296 सिस्ट सफलतापूर्वक निकालने का रिकॉर्ड बनाया था।
