बिहार में सुधा दूध की कीमतों में एक दिसंबर से प्रति लीटर तीन से चार रुपये तक की बढ़ोतरी होगी। काम्फेड ने यह निर्णय पशु चारे की बढ़ती लागत और किसानों से कच्चे दूध की खरीद मूल्य में वृद्धि के कारण लिया है। नई दरें सुधा गोल्ड, सुधा शक्ति और सुधा काउ मिल्क पर लागू होंगी।
काम्फेड की ओर से जारी सूचना के अनुसार, पशु चारा, खल्ली, भूसा और दाना की कीमतों में लगातार वृद्धि से दुग्ध उत्पादक किसानों की लागत बढ़ गई है। किसानों के आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण स्तर पर उनसे खरीदे जाने वाले कच्चे दूध की कीमत में 2.26 रुपये प्रति किलोग्राम तक की वृद्धि की गई है, जो एक दिसंबर से प्रभावी होगी।
नई दरों के अनुसार, सुधा गोल्ड का आधा लीटर पैकेट 37 रुपये और एक लीटर पैकेट 72 रुपये में मिलेगा। सुधा शक्ति का आधा लीटर पैकेट 33 रुपये और एक लीटर पैकेट 64 रुपये में उपलब्ध होगा। सुधा काउ मिल्क के आधा लीटर पैकेट की कीमत 32 रुपये और एक लीटर पैकेट की कीमत 62 रुपये होगी।
कच्चे दूध की खरीद कीमत बढ़ने के साथ ईंधन, पैकेजिंग सामग्री और परिवहन खर्च में वृद्धि को भी नई कीमतों का कारण बताया गया है। सुधा ने खुदरा विक्रेताओं का मार्जिन भी बढ़ाया है; अब उन्हें पाउच दूध की बिक्री पर प्रति लीटर 2.40 रुपये के बजाय 2.60 रुपये मिलेंगे। काम्फेड ने उपभोक्ताओं से नई दरों के निर्धारण में सहयोग की अपेक्षा जताई है।
