बिहार में कड़ाके की ठंड का इंतजार अभी लंबा हो सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, सुबह और रात में हल्की ठंड के साथ कोहरे का असर रहेगा, जबकि दोपहर में धूप लोगों को राहत देगी। अगले तीन से चार दिनों तक तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा, लेकिन फिलहाल कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार नहीं हैं।
मंगलवार को भभुआ 32.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, वहीं गया में दृश्यता घटकर महज 200 मीटर दर्ज की गई। पटना समेत 18 शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि 14.0 डिग्री सेल्सियस के साथ वाल्मीकि नगर में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात अकवान का प्रभाव खत्म होने के बाद बंगाल की खाड़ी से पुरवा हवा का प्रवाह हो रहा है, जिससे तापमान में विशेष गिरावट की संभावना नहीं है। दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी से लेकर पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर पूर्वी हवा का ट्रफ बना हुआ है। इसके कारण तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ विशेष ठंड के आसार नहीं हैं।
