गोरखपुर के रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में करीब 70 लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने मंगलवार सुबह एक महिला को गिरफ्तार किया है। सीओ कैंट अरुण कुमार एस के अनुसार, बेलघाट थाना क्षेत्र के डकई गांव निवासी सूरज पांडेय और उनके भाई विपुल पांडेय के जंगल अयोध्या प्रसाद के पास पांडेय कालोनी स्थित शकुंतला निवास में शनिवार रात ताला तोड़कर चोरी हुई थी। परिवार छठ पर्व मनाने गांव गया हुआ था और रविवार सुबह लौटने पर चोरी की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
चोरों ने घर की अलमारी और लाकर से करीब 15 लाख रुपये नकद और 400 ग्राम सोने के जेवरात पर हाथ साफ किया था। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर छानबीन शुरू की, जिसमें पता चला कि देवरिया जिले के सलेमपुर थाना क्षेत्र के मझौलीराज गांव निवासी अकबर अली ने अपनी पत्नी मैमून निशा के साथ मिलकर चोरी की थी।
सर्विलांस की मदद से मंगलवार सुबह महिला को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से सोने की चेन, अंगूठी, टाप्स, मंगलसूत्र, कर्णफूल और चांदी के सामान के अलावा 1160 रुपये बरामद हुए। पुलिस अब फरार उसके पति अकबर अली की तलाश कर रही है, जिस पर चोरी के दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि एक सप्ताह पहले आरोपित ने गायघाट में किराए पर कमरा लिया था और रेकी करके सूरज के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
