फरीदाबाद के डबुआ कालोनी थाना क्षेत्र की नेहरू कालोनी में चाउमीन खाने के बाद दो सगे भाइयों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। दोनों को उल्टियां होने लगीं। स्वजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान आठ वर्षीय छोटे भाई राघव की मौत हो गई, जबकि 10 वर्षीय बड़ा भाई कुनाल आईसीयू में भर्ती है। उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। घटना 21 नवंबर की है। शुरुआती तौर पर फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, नेहरू कॉलोनी निवासी शमशेर का सेक्टर-58 में मोटर मैकेनिक का काम है। शाम करीब सात बजे राघव ट्यूशन से घर लौटा और मां से भूख लगने की बात कही। इसी दौरान उसका बड़ा भाई कुनाल भी घर पहुंच गया। दोनों भाई कुछ देर बाद पैसे लेकर घर से बाहर चले गए। बताया जा रहा है कि दोनों ने बाजार में चाउमीन खाई थी।
घर लौटने के कुछ देर बाद राघव को चक्कर आने लगे और उल्टी जैसा महसूस हुआ। इसके बाद कुनाल की भी तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं। दोनों की हालत देखकर स्वजन उन्हें एनआईटी-तीन स्थित निजी अस्पताल ले गए। बाद में दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां राघव ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
थाना प्रभारी सुमेर सिंह के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
