औरंगाबाद जिले की चार प्रमुख विकास परियोजनाओं की मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा हुई। बैठक में जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा शामिल हुईं। इन परियोजनाओं में रेल संपर्क विस्तार, सिंचाई, शहरी पेयजल आपूर्ति और भूमि अधिग्रहण शामिल हैं।

बिहटा से अनुग्रह नारायण रोड तक 117.06 किलोमीटर लंबी नई रेललाइन परियोजना पटना, अरवल, जहानाबाद और औरंगाबाद को रेल नेटवर्क से जोड़ेगी। इसकी संशोधित लागत 3606.42 करोड़ रुपये है और इसे सितंबर 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं, औरंगाबाद शहर को मुख्य रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए 12.906 किलोमीटर लंबी नई रेललाइन प्रस्तावित है, जिसकी लागत 440.59 करोड़ रुपये है। इसके लिए सात मौजों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है और धारा 20ई के तहत प्रकाशन की कार्रवाई पूरी हो चुकी है।

औरंगाबाद और गया के सूखाग्रस्त इलाकों में सिंचाई के लिए नॉर्थ कोयल जलाशय परियोजना पर काम हो रहा है। 1367.61 करोड़ रुपये की इस परियोजना की संशोधित पूर्णता तिथि 30 जून 2027 है। जिले में इसके लिए 41.251 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण कर कब्जा ले लिया गया है।

शहरी पेयजल के लिए अमृत 2.0 के तहत संचालित परियोजना की भौतिक प्रगति 81.69 प्रतिशत बताई गई। सोन नदी से सतही जल लाकर मजुराही के क्लियर वाटर रिजर्वायर में जमा किया जाएगा और फिर महाराणा प्रताप चौक पर निर्माणाधीन मास्टर रिजर्वायर से शहर के घरों में आपूर्ति होगी। इसे मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। बैठक में अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, वरीय उप समाहर्ता रितेश यादव और जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।