महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पांचवां तीन दिवसीय ‘पद्म महोत्सव’ बुधवार से शुरू हो रहा है। स्थानीय संस्था ज्ञानयज्ञ फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस महोत्सव के उद्घाटन समारोह में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और पूर्व प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान एक साथ मंच साझा करेंगे।

उद्घाटन समारोह बीड बाईपास रोड स्थित एमआईटी परिसर के मंथन सभागार में बुधवार पूर्वाह्न 10.45 बजे होगा। मोहन भागवत महोत्सव का उद्घाटन करेंगे, जबकि जनरल (रिटायर्ड) अनिल चौहान मुख्य अतिथि होंगे। महोत्सव में विभिन्न क्षेत्रों के पद्म पुरस्कार विजेता एक मंच पर आकर लोगों से संवाद करते हैं। अपराह्न से मंथन हॉल में पद्म श्री पुरस्कार विजेताओं के साथ संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे।

पहले दिन के अपराह्न सत्र में पद्म श्री से सम्मानित एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) पद्म बंदोपाध्याय, लेखक-कार्यकर्ता रमेश पतंगे और प्रसिद्ध वायलिन वादक डॉ. एन. राजम मौजूद रहेंगे। गुरुवार को पद्म श्री से सम्मानित एयरोस्पेस वैज्ञानिक डॉ. शुभा अयंगर, मनोचिकित्सक और वैज्ञानिक डॉ. बी. एन. गंगाधर, वारली आदिवासी संगीतकार भिकल्या ढिंडा, सामाजिक कार्यकर्ता श्यामसुंदर पालीवाल, कृषि क्षेत्र में नवाचार करने वाले श्रीरंग लाड और हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायिका पद्मजा फेनानी जोगलेकर शहर के संत एकनाथ रंगमंदिर में होने वाले सत्रों में हिस्सा लेंगे।

सर्जन वाइस एडमिरल कृष्णा एम. अधिकारी 27 नवंबर को समापन समारोह में शामिल होंगे। पद्म श्री से सम्मानित पर्यावरण कार्यकर्ता चमी मुर्मू, अनार किसान गेनाभाई पटेल और बांस शिल्पकार जॉर्डन लेपचा संत एकनाथ रंगमंदिर में आयोजित होने वाले अंतिम दिन के संवाद सत्रों में हिस्सा लेंगे। बुधवार शाम पांच बजे एमजीएम विश्वविद्यालय परिसर के रुक्मिणी सभागार में भागवत, डॉ. तस्नीम पटेल की लिखित ‘द टॉर्चर्ड ट्रुथ’ नामक पुस्तक का विमोचन करेंगे।